चायल में आयोजित ऐतिहासिक बाबा सिद्ध चायल मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए सांसद सुरेश कश्यप

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप आज सोलन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बाबा सिद्ध की पावन नगरी चायल में आयोजित ऐतिहासिक "बाबा सिद्ध चायल मेला" में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मेले में उपस्थित श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों एवं आयोजकों को शुभकामनाएं दीं तथा बाबा सिद्ध जी के चरणों में प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

Jun 16, 2026 - 18:41
 0  5
चायल में आयोजित ऐतिहासिक बाबा सिद्ध चायल मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए सांसद सुरेश कश्यप

यंगवार्ता न्यूज सोलन, 16 जून, 2026 :

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप आज सोलन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बाबा सिद्ध की पावन नगरी चायल में आयोजित ऐतिहासिक "बाबा सिद्ध चायल मेला" में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मेले में उपस्थित श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों एवं आयोजकों को शुभकामनाएं दीं तथा बाबा सिद्ध जी के चरणों में प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मेले के दौरान आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं पारंपरिक दंगल में विजयी सभी टीमों और खिलाड़ियों को सांसद सुरेश कश्यप ने सम्मानित किया। उन्होंने सभी विजेताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल भावना युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं।

सुरेश कश्यप ने कहा कि बाबा सिद्ध जी का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद सुरेश कश्यप ने हिमाचल प्रदेश में हाल ही में सामने आ रहे बीडीसी चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी समर्थित उम्मीदवार अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों पर विजयी हो रहे हैं, जो जनता के भाजपा के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा पंचायत प्रतिनिधियों, प्रधानों एवं बीडीसी सदस्यों की उपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं मीडिया के समक्ष इस बात को स्वीकार कर चुके हैं। सुरेश कश्यप ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के प्रति जनता का मोहभंग हो चुका है और आने वाले समय में भाजपा और अधिक मजबूती के साथ उभरकर सामने आएगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और जनहित की राजनीति के पक्ष में खड़ी है तथा भाजपा को निरंतर समर्थन प्रदान कर रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow