चियोग स्कूल में सात दिवसीय एनएसएस शिविर संपन्न, स्वयंसेवियों ने दिया स्वच्छता व नशा मुक्ति का संदेश
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चियोग में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का सात दिवसीय विशेष शिविर शनिवार को उत्साहपूर्वक संपन्न हो गया। शिविर में 33 स्वयंसेवियों ने भाग लेकर सामाजिक सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर सक्रिय सहभागिता निभाई।
यंगवार्ता न्यूज शिमला 11 जुलाई, 2026 :
समापन समारोह में ग्राम पंचायत चियोग के पूर्व प्रधान दिनेश जगटा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है, जहाँ शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्व, सेवा भावना और व्यावहारिक ज्ञान का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासित एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि शिविर में अर्जित अनुभवों और ज्ञान का उपयोग समाज व अपने गांव के विकास में करें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि सात दिवसीय शिविर के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के स्रोत व्यक्तियों ने स्वयंसेवियों को अनेक महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। शिविर में विद्यार्थियों को प्राकृतिक भ्रमण भी करवाया गया। इसके अलावा स्वयंसेवियों ने विद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांव बखोग में जल स्रोतों की सफाई, आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया तथा ग्रामीणों को नशा मुक्ति और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम अधिकारी विजयलक्ष्मी शर्मा एवं राकेश रावत ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति, समस्त अध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्कूल कैप्टन स्नेहा महंता, एनएसएस कैप्टन अंशु ठाकुर तथा सेजल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। स्वयंसेवियों ने एनएसएस गीत, सद्भावना गीत तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रमेश वर्मा, समाजसेवी शिव सिंह जगटा, शिवदत्त शर्मा, राजेंद्र वर्मा, उप प्रधान भगत सिंह जगटा, एसएमसी सदस्य, शिक्षक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। शिविर का समापन राष्ट्र निर्माण, सेवा और सामाजिक जागरूकता के संकल्प के साथ हुआ।
What's Your Reaction?


