मंत्रिमंडल विस्तार पर बयानबाजी कर जयराम ठाकुर कर रहे सुर्खियां बटोरने का प्रयास : नंरेश चौहान
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर दिए बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर की ओर से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हाईकमान का दबाव होने संबंधी बयान केवल मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए दिया जा रहा है। विपक्ष के नेता को इस तरह की बयानबाजी करने के बजाय हिमाचल प्रदेश के वास्तविक मुद्दों और प्रदेश के अधिकारों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। चौहान ने सवाल उठाया कि जयराम ठाकुर आरडीजी (राजस्व घाटा अनुदान) बंद होने के मुद्दे पर क्यों नहीं बोलते और जब प्रदेश के हितों की बात आई तो भाजपा के सांसदों तथा पूर्व सरकार ने क्या प्रयास किए?
यंगवार्ता न्यूज - शिमला 25 नवंबर :
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर दिए बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर की ओर से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हाईकमान का दबाव होने संबंधी बयान केवल मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए दिया जा रहा है। विपक्ष के नेता को इस तरह की बयानबाजी करने के बजाय हिमाचल प्रदेश के वास्तविक मुद्दों और प्रदेश के अधिकारों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। चौहान ने सवाल उठाया कि जयराम ठाकुर आरडीजी (राजस्व घाटा अनुदान) बंद होने के मुद्दे पर क्यों नहीं बोलते और जब प्रदेश के हितों की बात आई तो भाजपा के सांसदों तथा पूर्व सरकार ने क्या प्रयास किए?
नरेश चौहान ने कहा कि आज प्रदेश के लोगों को यह जानने का अधिकार है कि जब हिमाचल के आर्थिक हितों और अस्तित्व से जुड़े सवाल सामने आए, तब भाजपा ने प्रदेश के लिए क्या किया। उन्होंने कहा कि आरडीजी हिमाचल प्रदेश का अधिकार रहा है। राज्य के गठन के समय से ही प्रदेश को इस अनुदान का लाभ मिलता रहा है, लेकिन अब इसे बंद कर दिया गया है। ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर जयराम ठाकुर को प्रदेश की जनता के सामने अपना पक्ष रखना चाहिए। यदि वह आरडीजी के पक्ष में आवाज उठाते हैं तो कांग्रेस सरकार उनके सहयोग का स्वागत करेगी, क्योंकि यह किसी एक पार्टी का नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल का मामला है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष को चुटकी लेने और राजनीतिक बयान देने के बजाय ऐसे सवालों का जवाब देना चाहिए, जिनका सीधा संबंध प्रदेश की जनता से है। प्रदेश के मतदाता आने वाले समय में राजनीतिक दलों और नेताओं से हिसाब मांगेंगे कि जब हिमाचल के अधिकारों की बात आई तो उन्होंने प्रदेश के लिए क्या योगदान दिया।
भाजपा की नई प्रदेश कोर कमेटी में हर्ष महाजन का नाम शामिल नहीं होने और शांता कुमार तथा प्रेम कुमार धूमल जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम नहीं होने के सवाल पर नरेश चौहान ने कहा कि यह भाजपा का आंतरिक मामला है और कोर कमेटी में किसे शामिल करना है, यह पार्टी का अपना फैसला है।
हालांकि, उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों को यह गलतफहमी थी कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने से उन्हें वहां अधिक मान-सम्मान मिलेगा, लेकिन ऐसा होता नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने हर्ष महाजन के साथ सुधीर शर्मा और राणा का भी जिक्र किया।
चौहान ने कहा कि भाजपा में पहले से ही पार्टी के अपने नेता, कार्यकर्ता और संगठनात्मक ढांचा मौजूद है। ऐसे में बाहर से भाजपा में शामिल हुए नेताओं को लेकर अंदरूनी असहजता और प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है। आने वाले चुनावों के दौरान यह स्थिति और स्पष्ट होगी। उन्होंने संकेत दिया कि भाजपा के भीतर पुराने और नए नेताओं के बीच समन्वय की चुनौती सामने आ सकती है।
राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी के विधानसभा सदन में दिए गए बयान को लेकर भाजपा की ओर से इस्तीफे की मांग और प्रदेशभर में किए गए प्रदर्शनों पर नरेश चौहान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा और विपक्ष को अपने कार्यकर्ताओं से हिमाचल के अधिकारों, आरडीजी और प्रदेश के वास्तविक मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करवाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश और सेना के प्रति सम्मान हर नागरिक के मन में है। किसी को भी भाजपा से देशभक्ति का प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है। चाहे जगत सिंह नेगी हों या देश का कोई अन्य नागरिक, किसी दूसरे व्यक्ति को उसकी देशभक्ति पर सवाल उठाने का अधिकार नहीं है।
चौहान ने आरोप लगाया कि भाजपा राष्ट्रीय भावनाओं से जुड़े मुद्दों को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करती है। उन्होंने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों से मंदिर-मस्जिद, हिंदू-मुस्लिम और देशभक्ति जैसे विषयों के माध्यम से राजनीति की जा रही है। विपक्ष के नेताओं पर देशविरोधी होने के आरोप लगाए जाते हैं और राहुल गांधी जैसे नेताओं की देश के प्रति निष्ठा पर भी सवाल खड़े किए जाते हैं।
नरेश चौहान ने बताया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस पार्टी की ओर से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए यात्रा निकाली जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, पार्टी संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य जिम्मेदार पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसकी मजबूती के लिए संविधान तथा संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। लेकिन वर्तमान केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष को कमजोर करने, जांच एजेंसियों का इस्तेमाल करने और संवैधानिक संस्थाओं को प्रभावित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
चौहान ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार का उद्देश्य सत्ता में बने रहना और अपने राजनीतिक विरोधियों को दबाव में रखना है। उन्होंने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की ओर से कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री और मंत्रियों के इस्तीफे की मांग किए जाने पर चौहान ने पलटवार किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जयराम ठाकुर को पहले अमित शाह के पास ट्यूशन लगाकर समझना चाहिए कि वोट चोरी क्या है, यह कैसे होती है और चुनावों को किस प्रकार प्रभावित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्ष लंबे समय से सवाल उठा रहा है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने, चुनाव आयोग की भूमिका तथा सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल जैसे विषय गंभीर चर्चा के विषय हैं। ऐसे सवालों का जवाब देने के बजाय विपक्षी नेता राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं।
पंजाब में करीब छह साल बाद भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के दोबारा गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए नरेश चौहान ने कहा कि भाजपा पंजाब में अपनी स्वतंत्र राजनीतिक जमीन मजबूत नहीं कर पाई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने की स्थिति पर भरोसा नहीं है, इसलिए उसे अकाली दल के साथ गठबंधन करना पड़ा है।
उन्होंने किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली की सीमाओं पर किसानों ने लंबे समय तक आंदोलन किया और इस दौरान 700 से अधिक किसानों की जान गई। चौहान ने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान किसानों को लेकर भाजपा की ओर से गलत प्रचार किया गया और उनके साथ उचित व्यवहार नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि सिख समुदाय और गुरुद्वारों ने आंदोलन के दौरान किसानों की सहायता की। पंजाब के लोगों को किसान आंदोलन के दौरान हुई घटनाएं आज भी याद हैं। भाजपा को पंजाब में अपनी राजनीतिक स्थिति का अहसास है और इसी कारण वह अकाली दल के साथ फिर से गठबंधन करने के लिए मजबूर हुई है।
What's Your Reaction?


