नशा तस्करों की 14 करोड़ की संपत्ति जब्त, 38 गिरफ्तार, 27 नवंबर से कांस्टेबल भर्ती के लिए फिजिकल टेस्ट
हिमाचल में नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने अब आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ उनकी अवैध संपत्तियों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। रामपुर के एक एनडीपीएस मामले में पुलिस ने वित्तीय जांच के आधार पर 1 करोड़ 38 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चिन्हित कर जब्त की है। शिमला पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 16 मामलों में 84 आरोपियों की 14 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की जा चुकी है। वहीं, पुलिस कांस्टेबल भर्ती के तहत शिमला में 27 नवंबर से फिजिकल टेस्ट शुरू होंगे। इसके अलावा विभिन्न मामलों और कानून-व्यवस्था से जुड़े सवालों पर एएसपी मेहर पंवार ने पुलिस का पक्ष रखा।
यंगवार्ता न्यूज - शिमला 25 नवंबर :

एएसपी मेहर पंवर ने बताया कि रामपुर थाना क्षेत्र में 3 मार्च 2025 को कुटिहार में पुलिस गश्त के दौरान एक वाहन से करीब 27 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। मामले में करसोग निवासी एक दंपति को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पुलिस ने नशे के नेटवर्क की पिछली और आगे की कड़ियों को खंगालते हुए कुल 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मामले में वर्ष 2026 के दौरान एनडीपीएस एक्ट की धारा 5ए के तहत वित्तीय जांच की गई। इसमें आरोपियों और उनसे जुड़े लोगों के बैंक खाते, यूपीआई लेनदेन, आयकर रिटर्न, राजस्व और परिवहन विभाग के रिकॉर्ड खंगाले गए। जांच में छह आरोपियों और छह सहयोगियों सहित कुल 12 लोगों के नाम पर 1 करोड़ 38 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति सामने आई। इसमें एक इकोमैट ट्रक, हुंडई वेन्यू, टोयोटा ग्लैंजा और आयशर टिप्पर समेत कुल 10 वाहन तथा दो एप्पल आईफोन शामिल हैं। जांच में संदीप शाह और उसके सहयोगियों के बैंक खातों में यूपीआई व अन्य माध्यमों से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन भी सामने आए। पुलिस के मुताबिक, इन संपत्तियों के लिए आय का वैध स्रोत नहीं मिल पाया।
एएसपी ने बताया कि शिमला पुलिस ने पहली बार इस तरह की वित्तीय जांच को प्रभावी ढंग से अमल में लाया है। वर्ष 2026 में अब तक 16 मामलों में 84 अपराधियों की 14 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की गई है, जो प्रदेश में सर्वाधिक है। जबकि वर्ष 2024 और 2025 में इस तरह की कोई संपत्ति जब्त नहीं हुई थी। वहीं उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस में 800 कांस्टेबल पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया जारी है। शिमला जिले में कुल 9,151 अभ्यर्थियों के फिजिकल टेस्ट 27 नवंबर से 5 दिसंबर तक भराड़ी पुलिस ग्राउंड में आयोजित किए जाएंगे। इसमें पीईटी और पीएसटी यानी शारीरिक दक्षता और शारीरिक मापदंडों की जांच होगी।
वहीं मिडल बाजार में शव मिलने की घटना पर एएसपी ने बताया कि संबंधित थाने में जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम करवाया जा चुका है और एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। फिलहाल जांच में किसी तरह के फाउल प्ले के तथ्य सामने नहीं आए हैं इसके सकत कंगना रनौत एफआईआर मामले पर एएसपी ने कहा कि मामला फिलहाल जांच के अधीन है और जांच पूरी होने के बाद ही तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
भाजपा की ओर से पुतला दहन रोकने, एकतरफा कार्रवाई और हाथापाई जैसे लगाए गए आरोपों पर उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है और पुलिस इसे निष्पक्ष व प्रोफेशनल तरीके से संभालेगी। ठियोग के आस्था फाउंडेशन से जुड़े सुशील शर्मा की गिरफ्तारी पर एएसपी ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई अदालत के माध्यम से बेल कैंसिलेशन के आधार पर की गई है। पूर्व मामलों में मिली जमानत की शर्तों का उल्लंघन होने के चलते यह कदम उठाया गया।
What's Your Reaction?