SFI ने निर्दोष छात्रों की गैर-कानूनी हिरासत और मुख्य सुरक्षा अधिकारी के पक्षपातपूर्ण रवैये के खिलाफ उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई परिसर में लगातार बिगड़ती सुरक्षा स्थिति, विश्वविद्यालय प्रशासन के पक्षपातपूर्ण रवैये और पुलिस प्रशासन द्वारा छात्रों की गैर-कानूनी गिरफ्तारी/हिरासत को लेकर कड़ा विरोध व्यक्त करती है।
यंगवार्ता न्यूज -शिमला , 25 सितम्बर 2026 :
प्रमुख बिंदु एवं मांगें: मुख्य सुरक्षा अधिकारी जी.डी. शर्मा का पक्षपातपूर्ण रवैया:
19 सितंबर को हथियार (कुल्हाड़ी) के साथ पकड़े गए एबीवीपी के नेताओं पर जी.डी. शर्मा द्वारा कोई त्वरित या अनुशासनात्मक कार्रवाई न करना उनकी निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लगातार एबीवीपी के आपराधिक तत्वों को राजनीतिक संरक्षण दे रहे हैं और परिसर में आम छात्रों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। SFI मांग करती है कि पद का दुरुपयोग करने और अपराधियों को बचाने के आरोप में जी.डी. शर्मा को तुरंत प्रभाव से पद से हटाया जाए।
SFI कार्यकर्ताओं की गैर-कानूनी हिरासत का विरोध:
घटना वाले दिन और उसके बाद पुलिस प्रशासन ने असली हमलावरों को पकड़ने के बजाय अपनी नाकामी छिपाने के लिए SFI के निर्दोष कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया और उन्हें गैर-कानूनी तरीके से हिरासत में लिया। अपनी सुरक्षा और आम छात्रों के अधिकारों की आवाज उठाने वाले छात्र कार्यकर्ताओं पर दमनकारी कार्रवाई की जा रही है, जिसे SFI किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेगी।
निष्पक्ष जांच और दोषियों पर एफआईआर
SFI मांग करती है कि 19 सितंबर की पूरी घटना की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। कुल्हाड़ी व अन्य जानलेवा हथियारों के साथ पकड़े गए एबीवीपी नेताओं के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए तथा विश्वविद्यालय से निष्कासित किया जाए।
हिरासत में लिए गए छात्रों की बिना शर्त रिहाई
SFI के जिन कार्यकर्ताओं को फर्जी और दमनकारी धाराओं के तहत हिरासत में लिया गया है, उन्हें तुरंत और बिना शर्त रिहा किया जाए। यदि विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस प्रशासन तुरंत CSO जी.डी. शर्मा के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता, एबीवीपी के हथियारबंद गुंडों को गिरफ्तार नहीं करता और SFI कार्यकर्ताओं की गैर-कानूनी हिरासत बंद नहीं करता, तो SFI विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस के खिलाफ उग्र आंदोलन शुरू करेगी जिसके लिए HPU प्रशासन और शिमला पुलिस पूर्ण रूप से जिम्मेदार होगी।"
What's Your Reaction?
