यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 09-11-2026
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के दुर्गम गिरिपार क्षेत्र में दीपावली का पर्व देश के अन्य हिस्सों से कुछ अलग और अनूठे अंदाज में मनाया जाता है। यहां दीपावली केवल दीप जलाने और आतिशबाजी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सदियों पुरानी लोक परंपराओं, धार्मिक आस्था और सामूहिक एकजुटता का प्रतीक भी है। गिरिपार क्षेत्र में इस बार भी दीपावली का पर्व श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जा रहा है। क्षेत्र के बड़ोल गांव में सोमवार सुबह करीब चार बजे पारंपरिक मशाल यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
गिरिपार क्षेत्र की इस विशेष दिवाली का सबसे आकर्षक पहलू सुबह अंधेरे में निकाली जाने वाली मशाल यात्रा है। परंपरा के अनुसार गांव के लोग सुबह तड़के मंदिर परिसर में एकत्रित होते हैं। इसके बाद देवी-देवताओं का स्मरण कर मशाल यात्रा शुरू की जाती है। हाथों में जलती मशालें लेकर ग्रामीण पूरे गांव की परिक्रमा करते हैं। इस यात्रा की एक विशेष बात यह है कि इसमें केवल पुरुष वर्ग ही हिस्सा लेता है। सदियों से चली आ रही इस परंपरा को आज भी ग्रामीण पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ निभा रहे हैं।
माना जाता है कि मशाल यात्रा के माध्यम से देवी-देवताओं से गांव और पूरे क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की जाती है। मशालों की रोशनी में गांव की परिक्रमा करना यहां की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। आधुनिकता के इस दौर में भी गिरिपार के लोग अपनी पुरानी परंपराओं को सहेजकर अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। स्थानीय पंचायत प्रधान अनिल शर्मा ने बताया कि गिरिपार क्षेत्र में दीपावली मनाने की परंपरा सदियों पुरानी है। आज भी ग्रामीण उसी पारंपरिक तरीके से इस पर्व को मनाते हैं।
उन्होंने बताया कि दीपावली के अवसर पर सबसे पहले मशाल यात्रा निकाली जाती है। इस दौरान देवी-देवताओं से क्षेत्र की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की जाती है। मशाल यात्रा संपन्न होने के बाद मंदिर परिसर में पारंपरिक सिया गायन किया जाता है, जो इस पर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा है। इसके बाद अगले दो से तीन दिनों तक गांव में दीपावली का उत्सव जारी रहता है।
घर लौटते हैं बाहर रहने वाले लोग, तैयार होते हैं पारंपरिक व्यंजन
गिरिपार क्षेत्र की दिवाली का एक सामाजिक पहलू भी बेहद खास है। शिक्षा, रोजगार और अन्य कारणों से गांव से बाहर रहने वाले लोग इस पर्व पर अपने घर लौटते हैं। ऐसे में गांवों में रौनक बढ़ जाती है और परिवारों को एक साथ मिलने का अवसर मिलता है। दीपावली के लिए घरों में विशेष पारंपरिक व्यंजन तैयार किए जाते हैं। रिश्तेदारों और परिचितों का एक-दूसरे के घर आना-जाना लगा रहता है। मेहमान नवाजी और आपसी भाईचारे के साथ यह पर्व सामूहिक उत्सव का रूप ले लेता है।
इस अनूठी परंपरा को देखने के लिए दूसरे क्षेत्रों से भी लोग गिरिपार पहुंचते हैं। मेहमान रमेश शर्मा ने बताया कि गिरिपार क्षेत्र के लोगों द्वारा वर्षों से चली आ रही परंपराओं को आज भी जिस श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाया जा रहा है, वह बेहद सराहनीय है। आधुनिक जीवनशैली के बावजूद यहां के लोगों ने अपनी सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखा है।
रास नृत्य से सजती है गिरिपार की दिवाली
गिरिपार क्षेत्र में दीपावली का उत्सव केवल मशाल यात्रा और धार्मिक आयोजनों तक ही सीमित नहीं रहता, बल्कि अगले दो से तीन दिनों तक यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रहती है। इन कार्यक्रमों में पारंपरिक रास नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र होता है। इसमें महिला और पुरुष दोनों वर्ग उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। पारंपरिक लोकगीतों और नृत्य के माध्यम से ग्रामीण अपनी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखते हैं।
कुल मिलाकर सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र में मनाई जाने वाली दीपावली हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की अनूठी मिसाल है। सुबह चार बजे मशालों के साथ गांव की परिक्रमा, मंदिर में सिया गायन, पारंपरिक पकवान, मेहमान नवाजी और रास नृत्य इस पर्व को विशेष पहचान देते हैं। यही वजह है कि गिरिपार की दिवाली केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता की जीवंत विरासत है।