पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय हमीरपुर में ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का सफल आयोजन
पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय हमीरपुर में आज भारत सरकार के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ का सजीव प्रसारण एवं सामूहिक अवलोकन अत्यंत उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हु
यंगवार्ता न्यूज़ - हमीरपुर 07-02-2026
पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय हमीरपुर में आज भारत सरकार के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ का सजीव प्रसारण एवं सामूहिक अवलोकन अत्यंत उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों से परीक्षा से जुड़े तनाव, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच तथा जीवन मूल्यों पर किए गए संवाद ने सभी को गहराई से प्रभावित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और प्रधानमंत्री जी के प्रेरणादायी विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। विद्यार्थियों ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन से उन्हें परीक्षा के डर से मुक्त होकर आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने की प्रेरणा मिली। उन्होंने यह भी बताया कि पढ़ाई को बोझ न मानकर सीखने की प्रक्रिया के रूप में अपनाने का संदेश अत्यंत उपयोगी रहा।
विद्यालय के शिक्षकों ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों बल्कि शिक्षकों के लिए भी मार्गदर्शक सिद्ध हुआ है। प्रधानमंत्री जी द्वारा बताए गए तनाव प्रबंधन, संवाद, और सहानुभूतिपूर्ण शिक्षण के विचार शिक्षण–अधिगम प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने में
सहायक हैं।
विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय कुमार ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जी का सीधा संवाद विद्यार्थियों में सकारात्मक दृष्टिकोण, अनुशासन एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देता है। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम श्री योजना के अंतर्गत इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यालयी शिक्षा को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा प्रधानमंत्री महोदय के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा यह संकल्प लिया गया कि उनके संदेशों को दैनिक जीवन में अपनाकर परीक्षा के साथ-साथ जीवन में भी सफलता प्राप्त की जाएगी।
What's Your Reaction?

