रोजी-रोटी के संकट पर तहबाजरियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का किया ऐलान
अदालत के आदेशों के बाद नगर निगम द्वारा लोअर बाजार से तहबाजरियों को हटाए जाने के बाद से स्थिति गरमा गई है। चार महीने से रोजगार न होने और रोजी-रोटी की गहरी चिंता के बीच अब तहबाजरियों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। आज लोअर बाजार के तहबाजारी नगर निगम के उप महापौर कार्यालय पहुंचे और काफी देर तक इस मुद्दे को लेकर गुहार लगाई। हालांकि, अदालत के आदेशों का हवाला दिए जाने के कारण यह चर्चा किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी
यंगवार्ता न्यूज - शिमला 14 अक्टूबर :
अदालत के आदेशों के बाद नगर निगम द्वारा लोअर बाजार से तहबाजरियों को हटाए जाने के बाद से स्थिति गरमा गई है। चार महीने से रोजगार न होने और रोजी-रोटी की गहरी चिंता के बीच अब तहबाजरियों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। आज लोअर बाजार के तहबाजारी नगर निगम के उप महापौर कार्यालय पहुंचे और काफी देर तक इस मुद्दे को लेकर गुहार लगाई। हालांकि, अदालत के आदेशों का हवाला दिए जाने के कारण यह चर्चा किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद तहबाजरियों ने अब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का खुला ऐलान कर दिया है।वहीं बैठक के दौरान तहबाजरियों ने नगर निगम कर्मियों पर गोदाम से सामान उठाने के आरोप लगाए इन आरोपों के बीच नगर निगम कर्मी बैठक छोड़कर वहां से चले गए
तहबाजारी यूनियन के अध्यक्ष पवन ने बताया कि पिछले चार महीनों से तहबाजारी बेहद परेशान हैं। जिस सरकार का उन्होंने चुनाव के समय समर्थन किया और जिसे जिताने में पूरी मदद की, आज वही सरकार उनकी कोई सुध नहीं ले रही है। पिछले चार महीनों से लोगों की रोजी-रोटी और कामकाज पूरी तरह ठप पड़े हैं। आज वे और उनके परिवार बेबस होकर दर-दर भटकने को मजबूर हैं, लेकिन प्रशासन को इनकी कोई फिक्र नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाजार में आने वाली कमेटी के कर्मचारी दुकानों और गोदामों के अंदर रखे सामान को जबरन उठा रहे हैं, और यहाँ तक कि काम करने वाले लड़कों का सामान भी रास्ते में छीना जा रहा है। कमिश्नर का रवैया बेहद तानाशाहीपूर्ण है, जो आम जनता की बात सुनने से कतराते हैं। स्थानीय विधायक के हस्तक्षेप और कहने के बावजूद कमिश्नर ने लोगों पर 5000 से 10000 रुपये तक का भारी-भरकम जुर्माना लगा दिया है। पवन ने चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि यदि उनकी रोजी-रोटी का यह संकट जल्द दूर नहीं हुआ, तो वे सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे और मंत्रियों या विधायकों के कार्यक्रमों में काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
दूसरी ओर, महापौर सुरेंद्र चौहान ने इन तमाम मामलों पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि तहबाजारी और वेंडर्स के पुनर्वास तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पिछले दिनों छह सदस्यीय मॉनिटरिंग कमेटी का गठन किया गया था, जिसकी वे खुद पूरी निगरानी कर रहे हैं। नगर निगम के कर्मचारी जब भी तहबाजारी से जुड़ी कोई कार्रवाई करते हैं, तो वे तय नियमों और प्रावधानों के दायरे में रहकर ही प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने बताया कि तहबाजारी यूनियन के पुनर्वास और उनकी आजीविका के संबंध में कई महत्वपूर्ण जगहों पर चर्चा की गई है। इनमें राम बाजार, संजीवनी और पंप हाउस के पास की जगहों के साथ-साथ रिज के नीचे घोड़ों के पास लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली शॉपिंग कॉम्प्लेक्स परियोजना भी शामिल है। इस कॉम्प्लेक्स का टेंडर और अवार्ड हो चुका है और रिकॉर्ड के अनुसार इसमें भी कई लोगों को समायोजित किया जा रहा है।
महापौर ने स्पष्ट किया कि प्रशासन तहबाजारी और वेंडर्स के लिए नए स्पेस और संभावनाएं तलाश रहा है ताकि उनकी आजीविका पूरी तरह सुरक्षित रहे, लेकिन कुछ लोग नियमों से हटकर काम करना चाहते हैं जो संभव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ समय पहले नगर निगम कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार और सामान छीनने की जो घटनाएं सामने आई थीं, उस पर कमिश्नर द्वारा एक बैठक बुलाई गई थी ताकि इन सभी विषयों पर सही से चर्चा की जा सके। उन्होंने कर्मचारियों के अनुशासन और कर्तव्यों पर जोर देते हुए कहा कि अधिकारी और कर्मचारी अपनी ड्यूटी के निर्धारित नियमों के तहत ही काम करेंगे और जनता के हितों का पूरा ख्याल रखा जाएगा।
What's Your Reaction?


