बाहर से आकर कोई सोचे, उससे पहले स्थानीय लोगों को सोचने की जरूरत" पहाड़ों पर प्रदूषण को लेकर राज्यपाल ने जताई चिंता
हिमाचल के पहाड़ों पर बढ़ रहे कचरे के ढेरों को लेकर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने चिंता व्यक्त की है। हिंदी पार्श्व गायिका सोना महापात्रा की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्यपाल ने कहा कि इस विषय पर बाहरी लोगों के सोचने से पहले स्थानीय लोगों को सोचने की आवश्यकता है। साथ ही प्रदेश को घर की तरह स्वच्छ रखने का प्रयास किया जाना चाहिए। राज्यपाल ने लोकभवन में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति सत्य प्रकाश बंसल द्वारा लिखित पुस्तक अक्षर से आत्मबोध तक के लोकार्पण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नौतोड़ और नौणी विश्वविद्यालय समेत तमाम विषयों पर प्रतिक्रिया दी।
यंगवार्ता न्यूज - शिमला 14 अक्टूबर :
हिमाचल के पहाड़ों पर बढ़ रहे कचरे के ढेरों को लेकर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने चिंता व्यक्त की है। हिंदी पार्श्व गायिका सोना महापात्रा की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्यपाल ने कहा कि इस विषय पर बाहरी लोगों के सोचने से पहले स्थानीय लोगों को सोचने की आवश्यकता है। साथ ही प्रदेश को घर की तरह स्वच्छ रखने का प्रयास किया जाना चाहिए। राज्यपाल ने लोकभवन में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति सत्य प्रकाश बंसल द्वारा लिखित पुस्तक अक्षर से आत्मबोध तक के लोकार्पण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नौतोड़ और नौणी विश्वविद्यालय समेत तमाम विषयों पर प्रतिक्रिया दी।
राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि किसी बाहरी व्यक्ति के इस विषय पर चिंता जताने से पहले जरूरी है कि स्थानीय लोग खुद हिमाचल को अपना घर समझकर इसकी स्वच्छता के बारे में सोचें। उन्होंने कहा कि प्रदेश को भी अपने घर की तरह स्वच्छ रखने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कचरे के कारण प्राकृतिक सुंदरता प्रभावित होती है और इससे बाहर से आने वाले लोगों के बीच भी गलत संदेश जाता है। राज्यपाल ने कहा कि स्वच्छता पर ध्यान देने से ही प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रदेश सरकार के साथ-साथ समाज की भागीदारी की भी परम आवश्यकता है।
अक्षर से आत्मबोध तक पुस्तक के लेखन के लिए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति सत्य प्रकाश बंसल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पुस्तक त्रिभाषा सूत्र पर केंद्रित है और नई शिक्षा नीति में इस सूत्र को मजबूती के साथ शामिल करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाषा राष्ट्रीय एकता में एक महत्वपूर्ण घटक साबित हो सकती है। राज्यपाल ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में भारतीय भाषाओं को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय भाषाओं की लिपि भी तैयार की जानी चाहिए, अन्यथा ये भाषाएं लुप्त हो जाएंगी।
वहीं, नौतोड़ के मामले पर बोलते हुए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि 1997 तक नियम था कि 2,000 रुपये से कम आय वाले लोगों को इसका लाभ मिलता था। कविंद्र गुप्ता ने कहा कि लोकभवन में डिप्टी कमिश्नर से इसको लेकर जानकारी मांगी है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इस पर काम होगा।
वहीं, नौणी यूनिवर्सिटी में कुलपति और रजिस्ट्रार के बीच हुए विवाद को लेकर राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि मामले को चर्चा के बाद सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विवाद कोई बड़ी बात नहीं है, कभी-कभी घरों में भी फसाद हो जाते हैं।
अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी पर राज्यपाल ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। राज्यपाल ने कहा कि देश में सनातन और हिंदुत्व को जगाने में अशोक सिंघल की बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के निर्माण में भी उनकी बहुत बड़ी भूमिका है। राज्यपाल ने देशवासियों से अपील की है कि वे अपनी संस्कृति, हिंदुत्व और सनातन परंपरा को समझने का प्रयास करें और इसके बारे में नई पीढ़ी को भी बताएं।
पुस्तक के लेखक सत प्रकाश बंसल ने कहा कि उन्होंने इस पुस्तक के माध्यम से युवा पीढ़ी को संदेश देने का प्रयास किया है की युवा पीढ़ी अपनी मातृभाषा की ताकत को पहचाने और उसे आगे बढ़ने का काम करें उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास में भाषा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है उन्होंने कहा की नई शिक्षा नीति में त्रिभाषा नीति के माध्यम से विकसित भारत का रोड मैप बनाया जा सकता है। सत प्रकाश बंसल ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में स्वदेशी भाषाओं को विकसित करने पर बल दिया जाना चाहिए। संविधान में 22 भाषाओं को ध्यान दिया गया है देश ने किसी भाषा को राष्ट्रभाषा नहीं चुना है ऐसे में आवश्यकता है सभी स्थानीय भाषाओं को बढ़ावा दिया जाए और युवा पीढ़ी इन भाषाओं के महत्व को समझें।
What's Your Reaction?


