शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल में साइक्लोथॉन, 30 किलोमीटर रेस में प्रज्वल चौहान रहे प्रथम
राजधानी शिमला से सटे जुन्गा में आयोजित चार दिवसीय शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल के अंतिम दिन साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। बीते चार दिनों से जुन्गा का आसमान रंग-बिरंगी पैराग्लाइडिंग छतरियों से सराबोर रहा। साइक्लोथॉन में हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों के करीब 46 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
यंगवार्ता न्यूज - शिमला 29 नवंबर :
राजधानी शिमला से सटे जुन्गा में आयोजित चार दिवसीय शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल के अंतिम दिन साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। बीते चार दिनों से जुन्गा का आसमान रंग-बिरंगी पैराग्लाइडिंग छतरियों से सराबोर रहा। साइक्लोथॉन में हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों के करीब 46 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
पुलिस महानिदेशक हिमाचल प्रदेश अशोक तिवारी ने साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 30 किलोमीटर की साइकिल रेस जुन्गा से शुरू होकर कोटी और अश्वनी खडड होते हुए वापस जुन्गा पहुंची। इसके अतिरिक्त पुलिस बल के जवानों के लिए 10 किलोमीटर की अलग साइकिल रेस भी आयोजित की गई। इस अवसर पर डीजीपी अशोक तिवारी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
गौर रहे कि अंडर-18 बॉयज वर्ग में प्रज्वल चौहान प्रथम, पुनीत ठाकुर द्वितीय और अनुरुद्ध तृतीय रहे। 18 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष वर्ग में अतुल कुमार प्रथम, वंश काला द्वितीय और आकाश शर्मा तृतीय रहे। 35 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष वर्ग में कृष्ण वर्मा प्रथम, गौरव ठाकुर द्वितीय और राघव नेगी तृतीय रहे। गर्ल्स ओपन वर्ग में सृष्टि ठाकुर प्रथम तथा रिद्धि स्याल द्वितीय स्थान पर रहीं। पुलिस बल की 10 किलोमीटर रेस के पुरुष वर्ग में विक्रम सिंह, शुभम और सौरव ठाकुर तथा महिला वर्ग में सानिया, अनाया और अक्षिता ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए क्रमशः 15 हजार, 10 हजार और 5 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।
समापन समारोह में प्रथम हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस वाहिनी जुन्गा के कमांडेंट भूपेंद्र सिंह नेगी ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभदायक है। इससे व्यक्ति शारीरिक रूप से फिट और स्वस्थ रहता है। युवाओं को साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि साइक्लोथॉन जैसे आयोजन लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेल गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
आयोजन के महाप्रबंधक अरुण रावत ने पुलिस महानिदेशक को चार दिवसीय आयोजन के दौरान हुई विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फ्लाइंग फेस्टिवल के दौरान 200 से अधिक पर्यटकों और अन्य लोगों ने टेंडम पैराग्लाइडिंग फ्लाइट का आनंद लिया। उन्होंने बताया कि आगामी 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक शिमला के रिज पर हॉस्पिटैलिटी एक्सपो-2026 आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश व अन्य राज्यों के उद्यमी अपने उत्पाद प्रदर्शित करेगें । इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरवीर ठाकुर, डॉ0 मनोज वर्मा, बाइसिकल मेयर मंडी सरदार जसप्रीत, सीताराम शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, साइक्लिस्ट, प्रतिभागी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
What's Your Reaction?


