इंटर कॉलेज यूथ फेस्टिवल में निधि ने अंग्रेजी वाग्मिता में हासिल किया प्रथम स्थान
राजकीय महाविद्यालय नौहराधार की बीए तृतीय वर्ष की छात्रा निधि ने इंटर कॉलेज यूथ फेस्टिवल में English Elocution (अंग्रेजी वाग्मिता) प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र और महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
यंगवार्ता न्यूज - नौहराधार 20 सितंबर :
राजकीय महाविद्यालय नौहराधार की बीए तृतीय वर्ष की छात्रा निधि ने इंटर कॉलेज यूथ फेस्टिवल में English Elocution (अंग्रेजी वाग्मिता) प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र और महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
निधि ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय उच्च विद्यालय बांदल से दसवीं कक्षा तक पूरी की। इसके बाद उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नोहरा धार से जमा दो की परीक्षा उत्तीर्ण की। वर्तमान में वह राजकीय महाविद्यालय नौहराधार में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा हैं।
इंटर कॉलेज यूथ फेस्टिवल में अंग्रेजी वाग्मिता प्रतियोगिता में निधि ने आत्मविश्वास, प्रभावशाली प्रस्तुति और उत्कृष्ट वक्तृत्व कौशल का प्रदर्शन करते हुए निर्णायक मंडल को प्रभावित किया और प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस सफलता को उनकी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम माना जा रहा है।
निधि की इस उपलब्धि पर राजकीय महाविद्यालय नौहराधार के शिक्षकों, सहपाठियों, परिवारजनों तथा क्षेत्रवासियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि निधि आने वाले समय में भी इसी तरह अपनी प्रतिभा के दम पर क्षेत्र और महाविद्यालय का नाम रोशन करती रहेंगी।
निधि की इस उपलब्धि ने यह भी साबित किया है कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी यदि मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें तो वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।
What's Your Reaction?

