शताब्दी वर्ष में नाहन की सड़कों पर उतरा संघ का अनुशासन, विशाल पथ संचलन में उमड़े स्वयंसेवक

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से रविवार को जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में विशाल पथ संचलन का आयोजन किया गया। संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चौगान मैदान से शुरू हुए इस पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासन, एकजुटता और संगठनात्मक प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से कदमताल की।

Nov 23, 2026 - 18:00
 0  7
शताब्दी वर्ष में नाहन की सड़कों पर उतरा संघ का अनुशासन, विशाल पथ संचलन में उमड़े स्वयंसेवक

यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से रविवार को जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में विशाल पथ संचलन का आयोजन किया गया। संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चौगान मैदान से शुरू हुए इस पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासन, एकजुटता और संगठनात्मक प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से कदमताल की। कार्यक्रम का शुभारंभ निर्धारित संघ परंपरा के अनुसार समता और प्रार्थना के साथ हुआ। इसके पश्चात स्वयंसेवकों ने कतारबद्ध होकर पथ संचलन शुरू किया। पूर्ण अनुशासन और एकसमान कदमताल के साथ निकले स्वयंसेवकों का यह संचलन शहर में आकर्षण का केंद्र रहा।

पथ संचलन के माध्यम से स्वयंसेवकों ने संगठनात्मक एकता और अनुशासन का संदेश दिया। विद्या भारती के प्रांत संगठन मंत्री ज्ञानचंद पाबूच की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में संघ के स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान संगठन की गतिविधियों, विचारधारा और समाज में व्यक्ति निर्माण की भूमिका को लेकर भी चर्चा की गई। मीडिया से बातचीत करते हुए विद्या भारती के प्रांत संगठन मंत्री ज्ञानचंद पाबूच ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपना शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से संघ की विचारधारा, कार्य पद्धति और सामाजिक गतिविधियों को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संघ का मूल उद्देश्य व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक तैयार करना है।

ज्ञानचंद पाबूच ने बताया कि पथ संचलन सामान्य तौर पर विजयदशमी के अवसर पर आयोजित किया जाता है, लेकिन संघ के शताब्दी वर्ष के चलते इस दौरान अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए , जिसके कारण पूर्व निर्धारित पथ संचलन का कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था। इसी क्रम में रविवार को नाहन में जिला स्तरीय पथ संचलन आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शाखाओं के माध्यम से समाज में कार्य करता है। शाखा संघ की कार्यपद्धति का महत्वपूर्ण आधार है, जहां नियमित गतिविधियों के जरिए स्वयंसेवकों में अनुशासन, संगठन भावना, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने पर जोर दिया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि संघ की विचारधारा और कार्य पद्धति से प्रेरित होकर विभिन्न क्षेत्रों में अनेक संगठन कार्य कर रहे हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी, विश्व हिंदू परिषद और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सहित कई संगठन शामिल हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से कार्य करते हैं।

नाहन में आयोजित इस विशाल पथ संचलन के माध्यम से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने संगठनात्मक एकता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में स्वयंसेवकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

src="https://sgp1.digitaloceanspaces.com/cdn.iqwing.co.in/uploads/Deeserve%20Media%202.2_.jpg" width="500" height="900" alt="Deeserve Media Poster" loading="lazy" />
src="https://sgp1.digitaloceanspaces.com/cdn.iqwing.co.in/uploads/Deeserve%20Media%202.2_.jpg" width="340" height="600" alt="Deeserve Media Poster" loading="lazy" />