पांवटा साहिब के सूरजपुर में मनाया गया शहीद शेर सिंह का शहीदी दिवस, पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
पांवटा साहिब के सूरजपुर स्थित शहीद स्मारक पर अमर शहीद शेर सिंह का शहीदी दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब एवं शिलाई क्षेत्र, शहीद की धर्मपत्नी वीना देवी, परिवारजनों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
पांवटा साहिब 27 मई, 2026 :
पांवटा साहिब के सूरजपुर स्थित शहीद स्मारक पर अमर शहीद शेर सिंह का शहीदी दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब एवं शिलाई क्षेत्र, शहीद की धर्मपत्नी वीना देवी, परिवारजनों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में शहीद स्मारक के संरक्षक एवं उद्योगपति दीपक गोयल की उपस्थिति में सभी ने अमर शहीद को नमन किया। इससे पहले शहीद की धर्मपत्नी वीना देवी एवं परिवार के सदस्यों ने स्मारक स्थल पर पूजा-अर्चना और यज्ञ का आयोजन करवाया। गौरतलब है कि शहीद शेर सिंह के स्मारक की देखरेख की जिम्मेदारी स्वेच्छा से तिरुपति फार्मा ग्रुप द्वारा निभाई जा रही है। इस दौरान तिरंगा फहराया गया तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुरुवाला की छात्राओं ने राष्ट्रीय गान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में शहीद परिवार को सम्मानित करते हुए शहीद शेर सिंह के बलिदान को याद किया गया।
भूतपूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों ने शहीद शेर सिंह के वीरतापूर्ण जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वह 14वीं बटालियन जम्मू-कश्मीर राइफल्स रेजिमेंट के अंतर्गत ऑपरेशन रक्षक में 28वीं राष्ट्रीय राइफल बटालियन के अधीन कश्मीर में तैनात थे। 27 मई 2003 को पाकिस्तानी घुसपैठियों से लोहा लेते हुए उन्होंने मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान दिया था।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि शहीद शेर सिंह का साहस और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है तथा राष्ट्र उनके बलिदान को सदैव याद रखेगा। वर्तमान में शहीद के परिवार में उनकी धर्मपत्नी वीना देवी, पुत्री रश्मि, पुत्र पंकज एवं परिवार के अन्य सदस्य हैं। परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र को उनके बलिदान पर गर्व है। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक दीपक धवन, भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा-शिलाई के अध्यक्ष करनैल सिंह, पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष हरिंदर सिंह, सचिव ओमप्रकाश चौहान, कोषाध्यक्ष इंदर सिंह सहित अनेक भूतपूर्व सैनिक, शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?



