सेंट थॉमस स्कूल शिमला में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस उत्साह एवं गरिमा के साथ आयोजित
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 28-02-2026
सेंट थॉमस स्कूल, शिमला में 28 फरवरी 2026 को “राष्ट्रीय विज्ञान दिवस” बड़े उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को विज्ञान के महत्व, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा भारतीय वैज्ञानिकों के अमूल्य योगदान के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम आयोजक: माय भारत शिमला, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से संपन्न हुआ l हर्षलता (पीजीटी भौतिकी) ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह दिवस महान वैज्ञानिक डॉ. सी.वी. रमन द्वारा ‘रमन प्रभाव’ की खोज की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु, तर्कशील एवं वैज्ञानिक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया।
सुरेन्द्र शर्मा (पीजीटी रसायन विज्ञान) ने विद्यार्थियों को नवाचार (Innovation) की दिशा में आगे बढ़ने तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन की प्रत्येक समस्या के समाधान का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुसंधान एवं नई खोजों के प्रति उत्साहित किया।
तनुजा (पीजीटी जीव विज्ञान) ने विज्ञान के दैनिक जीवन में महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारतीय वैज्ञानिकों जैसे डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, डॉ. होमी भाभा एवं डॉ. विक्रम साराभाई के योगदान को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। दिव्याशी हिमटा, अतिरथ, शुभम शर्मा, दीपांशी शर्मा, आस्था ठाकुर एवं एंजल शर्मा ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस, वैज्ञानिक उपलब्धियों, पर्यावरण संरक्षण, अंतरिक्ष अनुसंधान तथा विज्ञान के सामाजिक प्रभाव जैसे विषयों पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन ने आयोजकों माय युवा भारत शिमला, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार का आभार व्यक्त किया तथा सभी प्रतिभागियों और शिक्षकों को धन्यवाद दिया। विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं अनुसंधान की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया गया।
What's Your Reaction?



