2027 में हिमाचल प्रदेश के आत्मनिर्भर बनने पर मनाया जाएगा जश्न , बिलासपुर में भाजपा पर बरसे सीएम सुक्खू 

हिमाचल प्रदेश में वर्तमान कांग्रेस सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर आज बिलासपुर के लुहणू मैदान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी भाग सिंह, सहज राम और नरोत्तम शास्त्री की धर्मपत्नी प्रेमी देवी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर सूचना एवं जन संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित विकास संकलन का विमोचन भी किया

Dec 11, 2024 - 21:34
Dec 11, 2024 - 21:42
 0  40
2027 में हिमाचल प्रदेश के आत्मनिर्भर बनने पर मनाया जाएगा जश्न , बिलासपुर में भाजपा पर बरसे सीएम सुक्खू 
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
यंगवार्ता न्यूज़ - बिलासपुर  11-12-2024

हिमाचल प्रदेश में वर्तमान कांग्रेस सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर आज बिलासपुर के लुहणू मैदान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी भाग सिंह, सहज राम और नरोत्तम शास्त्री की धर्मपत्नी प्रेमी देवी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर सूचना एवं जन संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित विकास संकलन का विमोचन भी किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और राहुल गांधी के दिखाए रास्ते पर आगे बढ़ रही है। राज्य सरकार प्रदेश के संसाधनों से समाज के सभी वर्गों का समान विकास कर रही है। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश की संपदा को लुटने नहीं देंगे और समाज के सभी वर्गों का समावेशी विकास सुनिश्चित करेंगे। 
विकास का यह पथ ेराहुल गांधी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप है और हम इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि दो साल पहले हिमाचल में प्रदेश की जनता के आशीर्वाद और राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और राजीव शुक्ला के दृढ़ प्रयासों से कांग्रेस सरकार बनी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने चालीस वर्षों तक जीवन में संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें हमेशा महत्त्वपूर्ण पद दिए और 11 दिसंबर को एक किसान और कर्मचारी के बेटे ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह दो साल का कोई जश्न नहीं है, बल्कि समारोह है। जश्न 2027 में हिमाचल प्रदेश के आत्मनिर्भर बनने पर मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के दबाव के बावजूद 1.36 लाख कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया। पिछले वर्ष बरसात के दौरान हिमाचल प्रदेश की जनता ने विनाशकारी आपदा का सामना किया। लेकिन हमने 75 हजार पर्यटकों को सुरक्षित निकाला और प्रभावित परिवारों को 4500 करोड़ रुपए का विशेष राहत पैकेज दिया। हमने नियम बदल कर प्रभावित परिवारों की आर्थिक सहायता को 1.5 लाख रुपये से बढ़ाकर 7 लाख किया, लेकिन अभी तक केंद्र सरकार से आपदा उपरांत आवश्यकता आकलन का पैसा हिमाचल प्रदेश को नहीं मिला है। 
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने विधानसभा में कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को भगवान भी नहीं बचा सकते, लेकिन प्रदेश की जनता और देवी देवताओं के आशीर्वाद से सरकार को उपचुनावों में भारी बहुमत मिला और नेता प्रतिपक्ष के धनबल के प्रयोग से सत्ता पाने के सपने चूर-चूर हो गए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव-2024 में कांग्रेस पार्टी का वोट प्रतिशत 14 प्रतिशत बढ़ा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार की नीतियों में विश्वास व्यक्त करते हुए कांग्रेस विधायकों की संख्या को फिर से 40 तक पहुंचाया है। मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘कभी कोई सोच सकता था कि कोई सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर ध्यान दे सकती है। लेकिन हम गाय का दूध 45 रुपए और भैंस का दूध 55 रुपए प्रति लीटर की दर से खरीद रहे हैं। हमने मनरेगा की दिहाड़ी में 60 रुपए की बढ़ौतरी कर 300 रुपए किया। हमने प्राकृतिक खेती से उत्पादित 4000 क्विंटल मक्की खरीदी है। अगले वर्ष हम प्राकृतिक खेती से उत्पन्न गेहूं को 40 रुपए की दर से खरीदेंगे। आने वाला बजट ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के पिछले पांच वर्ष के कार्यकाल में जय राम ठाकुर ने कोई सकारात्मक प्रयास नहीं किए और उनकी नाक के नीचे पुलिस भर्ती पेपर लीक हुआ, अधीनस्थ कर्मचारी चयन आयोग में नौकरियां बिकती रहीं, कोरोना में पीपीई किट घोटाला हुआ। 
उद्योग विभाग की जमीन एक रुपए प्रति मीटर की दर से बेच दी लेकिन उन्होंने भ्रष्टाचार के चोर दरवाजों को बंद नहीं किया। उन्होंने कहा कि आज हमें भाजपा के झूठ का सामना डटकर करना होगा क्योंकि अंत में जीत सत्य की होती है। उन्होंने कहा कि मुझे जगत प्रकाश नड्डा जी के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की प्रसन्नता है लेकिन वह झूठ बोलकर हिमाचल प्रदेश को बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा आज पांच गुटों में बंटी है। हर जगह पर अपनी-अपनी रैली करने में लगे हैं। यह प्रदर्शन सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि अपनी कुर्सी बचाओ आंदोलन है। भाजपा को जनता की कोई सुध नहीं है। विधायकों के दल बदलने के मामले पर उन्होंने कहा कि अच्छा हुआ, कांग्रेस की गंदगी साफ हो गई और हम फिर से 40 हो गए। उन्होंने कहा जय राम ठाकुर अपनी कुर्सी की चिंता करें क्योंकि ऐसा न हो कि भाजपा 28 से कम होकर 20 हो जाए क्योंकि भाजपा के कुछ विधायक कांग्रेस के संपर्क में है। राजीव शुक्ला ने कहा कि जय राम ठाकुर सत्ता पाने के लिए छटपटा रहे हैं। विपक्षी पार्टियों की सरकारों को गिराए जाने का प्रयास किया जा रहा है और उनका हक नहीं दिया जा रहा है। 
भाजपा विपक्षी पार्टियों की सरकारों के साथ भेदभाव कर रही है। आपदा के दौरान मैं स्वयं हिमाचल के लिए मदद मांगने के लिए प्रधानमंत्री के पास गया लेकिन प्रदेश को केंद्र से कोई राहत नहीं प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार को प्रदेश के लोगों ने भारी बहुमत से जीतकर हिमाचल की सेवा करने का दायित्व सौंपा है तथा हमारी सरकार पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि आज हमने इस अवसर पर जनता को दी गई गोबर की खरीद की गारंटी को भी पूरा कर दिया है। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में भाजपा द्वारा सरकार गिराने की कोशिशें निरंतर की जाती रहीं। भाजपा के नेता सिर्फ यही कहते रहे कि सरकार गिर रही है, लेकिन हम जानते हैं कि जय राम ठाकुर और भाजपा के नेता में दम नहीं है। उन्होंने कहा कि हम 40 थे और 40 हैं। भाजपा सरकार गिराने के सपने देखना बंद करे क्योंकि अब भाजपा की हिमाचल प्रदेश में कभी भी सरकार नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को कांग्रेस हाईकमान का आशीर्वाद प्राप्त है। प्रियंका गांधी का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हीं के प्रयासों से हिमाचल में कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा प्रतिभा सिंह ने सभी को राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी और कहा कि सरकार ने दो सालों में अभूतपूर्व विकास किया है। 
राज्य सरकार अनाथ बच्चों, गरीब और वंचित वर्गों का सहारा बनी है। कार्यक्रम के दौरान सरकार की उपलब्धियों पर आधारित एक वृतचित्र भी प्रदर्शित किया गया। पुरानी पेंशन बहाल करने पर कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, विधायकगण, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कांग्रेस के सह प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, कांग्रेस पार्टी के प्रमुख संगठनों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित अन्य गणमान्य इस अवसर पर उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow