यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 27-03-2026
जुन्गा से सटे डवारू गांव के किसान की बेटी डॉ. तनवी शर्मा ने पड़ोसी देश चीन के शियांजियांग में बतौर एस्ट्रोनॉमी वैज्ञानिक के पद पर अपनी सेवाएं आरंभ कर दी है। गौरव का विषय है कि जुन्गा क्षेत्र से इस पद पर पहूंचने वाली यह पहली बेटी है जिसने यह मुकाम हासिल किया है। डॉ. तनवी के पिता वीरेन्द्र शर्मा एक प्रगतिशील किसान है , जबकि इनकी माता उषा शर्मा एक सफल गृहिणी है।
डॉ0 तनवी की इस उपलब्धि से समूचे जुन्गा क्षेत्र में एक खुशी की लहर है कि जुन्गा की बेटी चीन में एक वैज्ञानिक के रूप में हिमाचल प्रदेश और देश का नाम रोशन करेगी। डॉ. तनवी के पिता वीरेन्द्र ने बताया कि तनवी बचपन से ही कुशाग्र बुद्धि की छात्रा रही है और वह अपनी बेटी को एस्ट्रोनॉमी वैज्ञानिक बनाना उनका एक सपना था जिसे तनवी ने कड़ी मेहनत और लगातार प्रयास से पूरा किया है । तनवी के माता पिता को दूरभाष पर बधाइयां देने वालों का तांता लगा हुआ है। डॉ. तनवी ने 12वीं तक की शिक्षा डीएवी सोलन से ग्रहण की।
तदोपरांत गार्गी कॉलेज दिल्ली से बीएससी और हिन्दू कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय से एमएससी की डिग्री हासिल की। उन्होंने एस्ट्रोनॉमी में प्रथम वर्ष का प्रोजेक्ट आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान नैनीताल उत्तराखंड से पूरा किया जबकि राष्ट्रीय केंद्रीय विश्वविद्यालय ताइवान से तनवी ने एस्ट्रोनॉमी में पीएचडी की डिग्री हासिल की है। तनवी के माता पिता को बेटी का इस अद्वितीय उपलब्धि पर गर्व है।