लोक संस्कृति के संरक्षण के साथ नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प लें युवा पीढ़ी : राहुल चौहान विरसांटा
शिलाई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोटा पाब में दीपावली के पावन अवसर पर नवयुवक मंडल कोटा की ओर से भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में युवा कांग्रेस नेता राहुल चौहान विरसांटा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान स्थानीय लोगों और युवाओं ने उनका स्वागत किया
यंगवार्ता न्यूज़ - शिलाई 11-11-2026
उन्होंने स्थानीय लोक कलाकारों और उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और अवसर प्रदान करने की है। स्थानीय लोक गायक, कलाकार और युवा अपनी कला के माध्यम से क्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि समाज को चाहिए कि वह अपने कलाकारों का सम्मान करे और उनका मनोबल बढ़ाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी बड़े मंचों पर अपनी पहचान बना सकें।
नशे के खिलाफ युवाओं को आगे आने का आह्वान
राहुल चौहान विरसांटा ने अपने संबोधन में युवाओं को नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई से दूर रहने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि आज नशा समाज के सामने एक बड़ी चुनौती बनकर उभर रहा है और इसकी चपेट में युवा पीढ़ी का आना चिंताजनक है। युवा किसी भी समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। यदि युवा शक्ति सही दिशा में आगे बढ़े तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
सरकार के एंटी चिट्टा अभियान को बताया महत्वपूर्ण पहल
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने पूरे हिमाचल प्रदेश में एंटी चिट्टा अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य युवा पीढ़ी को चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाना तथा समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए जन भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें अभिभावकों, सामाजिक संगठनों, युवा मंडलों और आम नागरिकों को भी अपनी भूमिका निभानी होगी।
What's Your Reaction?
