यंगवार्ता न्यूज - मंडी, 10 नवम्बर :
उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि 13 नवंबर को मंडी शहर में आयोजित होने वाली एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन के सुचारू आयोजन तथा आम जनता की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किए गए हैं। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह व्यवस्था 13 नवंबर को सुबह 8 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक लागू रहेगी।
उन्होंने बताया कि वॉकथॉन के दौरान आपातकालीन वाहनों और एंबुलेंस को सभी सड़कों पर दोनों ओर से आवाजाही की अनुमति रहेगी। वॉकथॉन मार्ग तथा निर्धारित मुख्य क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनधिकृत पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। इसके अतिरिक्त, बसों को छोड़कर भारी वाहनों और मालवाहक वाहनों के मंडी शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी।
**इन मार्गों पर रहेगी वन-वे और डायवर्जन व्यवस्था**
उपायुक्त ने बताया कि तल्याहड की ओर से मंडी आने वाले सभी वाहन सन्यारड बाईपास-केहनवाल चौक-पुलघराट मार्ग से मंडी बस स्टैंड की ओर जाएंगे। मंडी से तल्याहड़ की ओर जाने वाली बसें मंडी-पुलघराट-केहनवाल चौक मार्ग से अपने गंतव्य की ओर जाएंगी।
बाड़ी गुमाणू की ओर से जोनल अस्पताल मंडी आने वाली नियमित बसों को स्कोड़ी चौक-जेल रोड के रास्ते तल्याहड़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा। सन्यारड बाईपास-केहनवाल चौक-पुलघराट मार्ग पर वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी, जबकि छोटे वाहन सामान्य रूप से दोनों ओर में चल सकेंगे।
विक्टोरिया पुल से सैन मोहल्ला होते हुए जीरो चौक की ओर हल्के मोटर वाहनों के लिए वन-वे व्यवस्था रहेगी। इस मार्ग का उपयोग जोनल अस्पताल की ओर जाने वाली एंबुलेंस के वैकल्पिक मार्ग के रूप में भी किया जाएगा। गांधी चौक से विक्टोरिया पुल की ओर भी हल्के वाहनों और दोपहिया वाहनों के लिए वन-वे व्यवस्था रहेगी। खलियार अथवा पुरानी मंडी की ओर से आने वाले वाहनों को पुरानी मंडी-भ्यूली मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
वॉकथॉन के दौरान होटल प्रताप पैलेस से महामृत्युंजय चौक तक सड़क को आवश्यकतानुसार अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। होटल प्रताप पैलेस से केहनवाल चौक की ओर वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी, हालांकि दोपहिया और तिपहिया वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट रहेगी। रामनगर (मंगवाईं) की ओर से आने वाले वाहनों को केहनवाल चौक होते हुए पुलघराट की ओर भेजा जाएगा।
इसी प्रकार आईटीआई चौक से महामृत्युंजय चौक की ओर जाने वाले हल्के वाहन पुराने सुकेती पुल से गुजरेंगे, जबकि आईटीआई चौक की ओर वन-वे व्यवस्था नए सुकेती पुल पर लागू रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर पेट्रोल पंप पड्डल, पुराने सुकेती पुल (नेरचौक की ओर से आने वाला यातायात) तथा नामधारी म्यूजिक चौक पर कुछ समय के लिए यातायात रोका जा सकता है।
**बसों की पार्किंग और विद्यार्थियों की आवाजाही के लिए विशेष व्यवस्था**
उपायुक्त ने बताया कि बसों की अस्थायी पार्किंग के लिए मलोरी स्थित होटल रोबोट के समीप फोरलेन सड़क के दोनों ओर व्यवस्था की गई है। बिलासपुर-सुंदरनगर की ओर से आने वाली बसें पड्डल मैदान के समीप निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में विद्यार्थियों को उतारेंगी। इसके बाद बसें बिंद्रावणी की ओर जाकर फोरलेन पर यू-टर्न लेकर मलोरी में निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ी होंगी।
कुल्लू-मनाली की ओर से आने वाली बसें बिंद्रावणी टनल से सब्जी मंडी रोड होते हुए मंडी बस स्टैंड पहुंचेंगी और पड्डल मैदान के समीप निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में विद्यार्थियों को उतारेंगी। इसके बाद भ्यूली और बिंद्रावणी फोरलेन मार्ग से टनल होकर निर्धारित पार्किंग स्थल तक जाएंगी।
जोगिंदरनगर की ओर से आने वाली बसों को भ्यूली से बिंद्रावणी फोरलेन मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहां से यू-टर्न लेकर टनल के रास्ते सब्जी मंडी रोड होते हुए मंडी बस स्टैंड पहुंचेंगी और पड्डल मैदान के समीप विद्यार्थियों को उतारेंगी। विद्यार्थियों को वापस ले जाने के लिए सभी बसें अपने निर्धारित पार्किंग स्थलों से मलोरी-सब्जी मंडी रोड होते हुए पड्डल मैदान के समीप निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में पहुंचेंगी। विद्यार्थियों के बसों में बैठने के बाद बसें भ्यूली और बिंद्रावणी फोरलेन मार्ग से अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगी।
**शहर में यहां होगी पार्किंग की व्यवस्था**
आम जनता की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें छोटा पड्डल पार्किंग में वीआईपी, एलएमवी वाहनों, विक्टोरिया पुल (रिवर बेड) में 200 हल्के और 50 भारी वाहनों, होमगार्ड कार्यालय भ्यूली में 30 हल्के वाहनों तथा पुराने बाईपास स्थित नगर निगम पार्किंग में 200 हल्के वाहनों के लिए निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
इसके अतिरिक्त आईएसबीटी की छत पर 150, भीमा काली मंदिर में 250, यू-मॉल में 400, नगर निगम पार्किंग सकोड़ी पुल पर 70 तथा पड्डल गुरुद्वारा पार्किंग में 100 हल्के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इन स्थानों पर उपलब्ध खाली जगह के अनुसार सशुल्क पार्किंग की सुविधा रहेगी।
उपायुक्त ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें, पुलिस एवं प्रशासन के निर्देशों का सहयोग करें तथा असुविधा से बचने के लिए अपने आवागमन की योजना पहले से बना लें।