काम करने के बजाए जरूरत से ज्यादा बोल रहे कुछ लोग , पंचायती चुनावों में कांग्रेस  को जवाब देगी जनता : जयराम ठाकुर

पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र के दुर्गम इलाकों बागी  ,बांदल , खुनाची , डगैल , पलेउनी धार और थरापड़ गांवों का दौरा कर वहां के निवासियों से मुलाकात कर समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने पंचायत चुनावों पर कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे आपसी तालमेल और विकास के एजेंडे के साथ चुनावी मैदान में उतरें

Apr 12, 2026 - 19:03
Apr 12, 2026 - 19:37
 0  3
काम करने के बजाए जरूरत से ज्यादा बोल रहे कुछ लोग , पंचायती चुनावों में कांग्रेस  को जवाब देगी जनता : जयराम ठाकुर
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी  12-04-2026
पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र के दुर्गम इलाकों बागी  ,बांदल , खुनाची , डगैल , पलेउनी धार और थरापड़ गांवों का दौरा कर वहां के निवासियों से मुलाकात कर समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने पंचायत चुनावों पर कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे आपसी तालमेल और विकास के एजेंडे के साथ चुनावी मैदान में उतरें। उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनाव में तो सरकार को झटका लगेगा ही आगामी विधानसभा चुनावों में भी भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी और प्रदेश को कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों से मुक्ति दिलाकर विकास की एक नई इबारत लिखेगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठी गारंटियां देकर सत्ता में आई है। आते ही इन्होंने आपके इलाके में आपकी मांग पर खुले संस्थान बंद कर दिए। 
इन्होंने आपके दस काम बंद कर दिए आप भी अब एक काम करना कि कांग्रेस को वोट देना ही बंद करें ताकि भविष्य में आपके साथ ऐसा न हो। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल के सबसे दुर्गम क्षेत्रों में जो सड़कों का जाल दिखाई दे रहा है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सौजन्य से ही संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि आज  जिस सड़क से यहां पहुंचा हूं उसका निर्माण भी केंद्र से मिले 14 करोड़ की राशि से हुआ है। आप सभी जानते हैं कि इसका निर्माण कब शुरू हुआ था और आज इसका निर्माण पूरा हुआ है। सराज विधानसभा क्षेत्र की इस पटकरी-भड़हा-सिल्ह - कशीम्बलीधार की 18 किमी लंबी सड़क से जुड़ने वाली पंचायतों बागी, खुनाची, डगैल , पालेऊणीधार, थरापड़ , रूभड़ी , शिल्ह , भड़हा के लोगों से मुलाकात करते हुए कहा कि यह सड़क विधायक प्राथमिकता से बनी हैं। नाबार्ड द्वारा 14 करोड़ और राज्य सरकार द्वारा 2 करोड़ का प्रावधान पूर्व की भाजपा सरकार के समय 2018 में किया था। सारी प्रक्रिया पूरी कर 2021 में काम शुरू हुआ और 2025 में बनकर तैयार हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और नाबार्ड के माध्यम से निरंतर मिल रहे बजट ने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के पीठ का बोझा उतारने का काम किया है, जिससे उनके जीवन स्तर में व्यापक सुधार आया है। 
विरोधियों द्वारा उनके क्षेत्र में सड़कों के निर्माण पर उठाए गए सवालों का कड़ा जवाब देते हुए ठाकुर ने कहा कि 29 वर्षों से विधायक के रूप में मैंने इन दुर्गम रास्तों को पैदल नापा है और जनता के दुख-दर्द को करीब से महसूस किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री बनने से पूर्व ही उनकी विधानसभा की सभी पंचायतें सड़कों से जुड़ चुकी थीं और उनके कार्यकाल में बिना किसी भेदभाव के पूरे हिमाचल का एक समान विकास सुनिश्चित किया गया। वर्तमान कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार 'काम करने वाली नहीं, बल्कि काम रोकने वाली सरकार' है, जिसने सत्ता में आते ही प्रदेश में चल रहे 2000 से अधिक जनहितकारी संस्थानों को बंद कर दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री और मंत्रियों की बयानबाजी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सत्ता जनता की सेवा और विकास के लिए मिली है, न कि बदले की भावना से काम करने के लिए। कुछ लोग काम करने के बजाए जरूरत से ज्यादा बोल रहे हैं। 
अब तक छः मुख्यमंत्री काम कर चुके हैं लेकिन वर्तमान मुख्यमंत्री को छोड़कर कोई इतना झूठ नहीं बोलता था। मुख्यमंत्री पद की एक मर्यादा होती है जो पहली बार तार तार होती सबने देखी है। मुख्यमंत्री जनता के बीच भी झूठ बोलते हैं और विधानसभा में भी झूठ बोलकर गुमराह करते हैं। अब तो हद ही हो गई है उच्च न्यायालय तक में झूठ का सहारा लेकर चुनाव टालने तक का प्रयास किया गया जिसमें उन्हें मुंह की खानी पड़ी है। चुनाव टालने की इनकी सारी कोशिशें बेकार साबित हुई। जयराम ठाकुर ने क्षेत्र की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आपदा के इतने समय बाद भी सड़कों की हालत दयनीय बनी हुई है और आगामी बरसात से पहले यदि मलबा नहीं हटाया गया, तो यह पुन: तबाही का कारण बन सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा का मुख्य उद्देश्य अंत्योदय और समग्र विकास है, जिसे लेकर वे जनता के बीच जाएंगे और कांग्रेस की विफलता का कच्चा चिट्ठा खोलेंगे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow