आरडीजी के बंद होने पर मचे सियासी घमासान के बीच सीएम सुक्खू दिल्ली दौरे पर रवाना
आरडीजी के बंद होने पर मचे सियासी घमासान के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मंगलवार को दिल्ली दौरे पर रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री ने RDG के मुद्दे पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिलने का समय मांगा
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 10-02-2026
आरडीजी के बंद होने पर मचे सियासी घमासान के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मंगलवार को दिल्ली दौरे पर रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री ने RDG के मुद्दे पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिलने का समय मांगा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से संगठन विस्तार को लेकर बुलाई गई बैठक में भी शामिल होंगे।
दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि RDG बंद होने पर विपक्ष को राजनीति छोड़कर प्रदेश हित में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर यह मुद्दा उठाना चाहिए। लेकिन नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर प्रदेश हित के बजाय कुर्सी हित देख रहे हैं और यह कह रहे हैं कि जल्द ही हिमाचल में भाजपा की सरकार बनने वाली है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर वित्त विभाग की ओर से दी गई प्रेजेंटेशन में शामिल नहीं हुए और अब यह झूठ कह रहे हैं कि उन्हें वित्त सचिव के माध्यम से चिट्ठी भेजी गई थी, जबकि उन्होंने स्वयं उन्हें पत्र लिखकर आमंत्रित किया था।
सीएम ने कहा कि जयराम ठाकुर के कार्यकाल में हिमाचल को 54 हजार करोड़ रुपये RDG और 16 हजार करोड़ रुपये GST कंपनसेशन मिला, जबकि कांग्रेस सरकार को तीन वर्षों में केवल 17 हजार करोड़ रुपए RDG मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार ने वित्तीय कुप्रबंधन किया, ठेकेदारों को पैसा बांटा और करीब 10 हजार करोड़ रुपए की कर्मचारियों व पेंशनरों की देनदारियां छोड़कर चली गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने राजस्व में 3800 करोड़ रुपए का इजाफा किया है। आने वाले समय में सरकार कड़े फैसले लेकर हिमाचल प्रदेश के विकास को आगे बढ़ाएगी। न तो विकास परियोजनाएं प्रभावित होने दी जाएंगी और न ही कर्मचारियों व पेंशनरों की वेतन-पेंशन पर कोई असर पड़ने दिया जाएगा।
What's Your Reaction?

