कामगार कल्याण बोर्ड ने की मदद, धूमधाम से हुई अक्षय की शादी

एक आम श्रमिक के रूप में कार्य करने वाले गरीब परिवार के बेटे को आज के दौर में अपनी शादी के खर्चे का प्रबंध काफी मुश्किल होता है। ऐसे परिवारों से संबंध रखने वाले युवा श्रमिक और उनके परिजनों को शादी के प्रबंधों को लेकर काफी कठिन आर्थिक परिस्थितियों से जूझना पड़ता है

Jun 4, 2026 - 13:07
 0  2
कामगार कल्याण बोर्ड ने की मदद, धूमधाम से हुई अक्षय की शादी

यंगवार्ता न्यूज हमीरपुर 04 जून, 2026 :

एक आम श्रमिक के रूप में कार्य करने वाले गरीब परिवार के बेटे को आज के दौर में अपनी शादी के खर्चे का प्रबंध काफी मुश्किल होता है। ऐसे परिवारों से संबंध रखने वाले युवा श्रमिक और उनके परिजनों को शादी के प्रबंधों को लेकर काफी कठिन आर्थिक परिस्थितियों से जूझना पड़ता है। लेकिन, ऐसे युवा या उनके माता-पिता अगर हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत हों तो उनकी यह चिंता काफी हद तक दूर हो जाती है, क्योंकि बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों या उनके बच्चों की शादी के लिए भी आर्थिक मदद का प्रावधान है। बोर्ड की ओर से दी जाने वाली यह आर्थिक मदद किसी परिवार के लिए कितना बड़ा सहारा साबित हो सकती है, इसका एक प्रत्यक्ष उदाहरण देखने को मिल रहा है जिला हमीरपुर के सुजानपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत दाड़ला के गांव मयाणा में।


 जी हां, इस गांव के एक युवा श्रमिक अक्षय कुमार के लिए भी भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की विवाह अनुदान योजना काफी मददगार साबित हुई है।  दरअसल, अक्षय कुमार सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड (एसजेवीएनएल) की निर्माणाधीन धौलासिद्ध जल विद्युत परियोजना में कार्य कर रहा था। इस परियोजना में कार्य करते-करते अक्षय कुमार को लगभग चार वर्ष हो गए थे और उनकी शादी की बात भी चल रही थी। इस दौरान अक्षय कुमार को शादी के खर्च की काफी चिंता हो रही थी, क्योंकि उनके घर में आय का कोई अन्य बड़ा साधन ही नहीं था। अक्षय की माता का देहांत हो चुका था और पिता गगन सिंह अपनी थोड़ी सी पुश्तैनी जमीन पर खेती-बाड़ी करके जैसे-तैसे गुजर-बसर करते थे। इन परिस्थितियों में अक्षय की शादी को धूमधाम से करना काफी मुश्किल लग रहा था।


लेकिन, हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण अक्षय कुमार के लिए एक बार फिर काफी मददगार साबित हुआ। बोर्ड की विवाह अनुदान योजना की जानकारी मिलने पर अक्षय कुमार और उनके परिजनों ने उसकी शादी धूमधाम से करने का निर्णय लिया। अक्षय की शादी काफी धूमधाम से की गई और उन्हें बोर्ड की ओर से 51 हजार रुपये की सहायता राशि मिली। कोमल के साथ परिणय सूत्र में बंधने के बाद अक्षय कुमार की जिंदगी की गाड़ी खुशी-खुशी चल रही है।  


 प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए अक्षय कुमार ने बताया कि बोर्ड की 13 कल्याणकारी योजनाएं श्रमिकों तथा उनके परिजनों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। यह बोर्ड श्रमिकों को मकान निर्माण, चिकित्सा सहायता, बच्चे के जन्म से लेकर, शिक्षा और विवाह के लिए आर्थिक सहायता, पेंशन, दिव्यांगता पेंशन, श्रमिक की मृत्यु पर आर्थिक मदद और कई अन्य सुविधाओं के अलावा श्रमिक के अपने विवाह के लिए भी वित्तीय मदद प्रदान करता है।


 चाहे श्रमिक के बच्चे का जन्म हो या उसकी शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण या विवाह, मकान निर्माण हो या बीमारी का इलाज, अथवा जीवन में कोई अन्य आपात परिस्थिति, इन सभी कार्यों के लिए कामगार कल्याण बोर्ड भरपूर आर्थिक मदद प्रदान करता है।
 उधर, बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह ठाकुर ने बताया कि गत वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान जिला में बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कामगारों को कुल 7,47,57,793 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।
 उन्होंने बताया कि बोर्ड ने इस वित्तीय वर्ष में प्रदेश भर के कामगारों के लिए 211.47 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट मंजूर किया है, जिससे हजारों पात्र एवं जरुरतमंद कामगार लाभान्वित होंगे। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow