चम्बा, 18 मई :
पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव-2026 के सफल एवं सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज विकास खंड चम्बा में निर्वाचन पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। यह पूर्वाभ्यास राजकीय महाविद्यालय चम्बा के सभागार में संपन्न हुआ, जिसमें निर्वाचन ड्यूटी में तैनात मतदान कर्मियों को चुनाव प्रक्रिया संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
पूर्वाभ्यास के दौरान कुल 533 मतदान कर्मियों ने भाग लिया, जिनमें 131 पीठासीन अधिकारी तथा 402 मतदान अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी(ना) चम्बा प्रियांशु खाती, निर्वाचन अधिकारी (पं) व खंड विकास अधिकारी महेश चंद, पंचायत इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह व प्रवक्ता कंप्यूटर साइंस डाइट सरु इमरान द्वारा मतदान कर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान मतदान कर्मियों को बैलेट पेपर आधारित निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान सामग्री के उपयोग, मतदाता पहचान, मतपेटियों के संचालन तथा मतदान केंद्रों पर अपनाई जाने वाली व्यवस्थाओं संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान करने के साथ व्यावहारिक अभ्यास भी करवाया गया।