यंगवार्ता न्यूज ऊना, 21 जून, 2026 :
हरोली विधानसभा क्षेत्र को प्रदेश सरकार ने एक और बड़ी सौगात दी है। सरकार ने टाहलीवाल फायर पोस्ट को तत्काल प्रभाव से सब फायर स्टेशन के रूप में अपग्रेड करने की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही 16 नए पदों के सृजन तथा दो अत्याधुनिक अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था को भी मंजूरी प्रदान की गई है।
उपमुख्यमंत्री एवं हरोली के विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार को देखते हुए लंबे समय से सब फायर स्टेशन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। प्रदेश सरकार ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए इस मांग को पूरा किया है।
जारी अधिसूचना के अनुसार नए सब फायर स्टेशन में एक सब फायर अधिकारी, एक लीडिंग फायरमैन, 10 फायरमैन तथा चार ड्राइवर-कम-पंप ऑपरेटर के पद सृजित किए गए हैं। इसके अलावा स्टेशन के लिए एक वाटर ब्राउजर और एक सीओ-2 फायर वाहन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस निर्णय से टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र सहित पूरे हरोली विधानसभा क्षेत्र में अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। औद्योगिक इकाइयों, स्थानीय निवासियों और संस्थानों को आगजनी एवं अन्य आपदाओं के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे क्षेत्र की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता में उल्लेखनीय सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि हरोली के समग्र विकास और बेहतर बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।