गांववालों को भोज देने की तैयारी में जुटा था युवक, शादी के 2 दिन बाद ही कांड कर फरार हो गई 'दुल्हन'
चट मंगनी, पट ब्याह' की कहावत तो अक्सर सुनने को मिलती है लेकिन उपमंडल गगरेट के अंबोटा गांव में ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। 2 दिन पहले ब्याह कर घर लाई गई दुल्हन शनिवार रात्रि नकदी और गहने समेटकर फरार हो गई
चट मंगनी, पट ब्याह' की कहावत तो अक्सर सुनने को मिलती है लेकिन उपमंडल गगरेट के अंबोटा गांव में ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। 2 दिन पहले ब्याह कर घर लाई गई दुल्हन शनिवार रात्रि नकदी और गहने समेटकर फरार हो गई। पीड़ित युवक ने गगरेट पुलिस थाना में शिकायत देकर कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है।
पुलिस को दी शिकायत में अंबोटा निवासी युवक ने बताया कि वह अविवाहित है। गांव के ही एक व्यक्ति ने उसे भरोसा दिलाया कि उसकी पंजाब में पहचान है और वह उसकी शादी करवा देगा। इसके बाद उसे पंजाब के मुकेरियां ले जाया गया, जहां एक महिला से मुलाकात करवाई गई। महिला उन्हें बटाला ले गई और वहां एक व्यक्ति से मिलवाया, जिसने साथ आई युवती को अपनी बहन बताते हुए उसकी शादी करवाने की बात कही।
शिकायत के अनुसार महिला ने उसी दिन शादी करवाने का दबाव बनाया और दुल्हन को सजाने तथा गहने खरीदने के नाम पर युवक से 70 हजार रुपए ले लिए। इसके बाद एक वकील के माध्यम से शपथ पत्र तैयार करवाया गया और युवक को बताया गया कि उसकी शादी हो चुकी है। युवक दुल्हन को अपने घर ले आया। घर पहुंचने पर युवक ने गांव में भोज देने के लिए स्थानीय सोसायटी से 70 हजार रुपए और निकाल लिए।
आरोप है कि दुल्हन 2 दिन तक घर की गतिविधियों और सामान की टोह लेती रही। शनिवार रात करीब साढ़े 12 बजे वह नकदी और गहने लेकर फरार हो गई। युवक ने बताया कि उसने पत्नी को घर से निकलते देखा भी, लेकिन वह उसे पकड़ नहीं सका। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि शादी का झांसा देकर लोगों को ठगने वाला कोई संगठित गिरोह सक्रिय है, जो भोले-भाले लोगों को निशाना बना रहा है।
What's Your Reaction?




