यंगवार्ता न्यूज़ - पांवटा साहिब 13-09-2026
भाजपा मण्डल पांवटा साहिब द्वारा विधायक सुखराम चौधरी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर राधा कृष्ण यमुना मंदिर, पांवटा साहिब में विशेष महामृत्युंजय पाठ की पूर्णाहुति एवं विशाल महायज्ञ का आयोजन किया गया। इस धार्मिक एवं पावन कार्यक्रम में भाजपा मंडल पांवटा साहिब के देवतुल्य कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय क्षेत्रवासियों ने भारी संख्या में भाग लिया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी उपस्थित सदस्यों ने महायज्ञ में पूर्ण आहुति दी और भगवान श्री राधा कृष्ण एवं महादेव से विधायक सुखराम चौधरी के शीघ्र पूर्णतः स्वस्थ होकर पुनः जनसेवा में लौटने की ईश्वर से प्रार्थना की। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार धवन ने कहा कि विधायक सुखराम चौधरी पांवटा साहिब की जनता के दिल में बसते हैं।
उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन के लिए आज पूरा मंडल परिवार एकजुट होकर ईश्वर के चरणों में प्रार्थना कर रहा है। हमें पूर्ण विश्वास है कि प्रभु की कृपा से वे शीघ्र अति शीघ्र पूर्णतः स्वस्थ होकर हम सभी के बीच लौटेंगे। महायज्ञ के उपरांत सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।