चम्बा 22 मई, 2026 :
चंबा-तीसा मार्ग पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब संदिग्ध हालात में एक शख्स का शव मिला। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के मुताबिक, मामला चंबा-तीसा मार्ग पर मेडिकल कॉलेज सरोल के समीप बैंसका का है। मृतक की पहचान रज्जाक अली शाह (36 वर्षीय), पुत्र शौकत अली शाह, निवासी बैंसका के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार स्थानीय लोगों ने सड़क के किनारे एक व्यक्ति को बेसुध हालात में पड़ा हुआ देखा। इसके बाद मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति को मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया, लेकिन जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने किसी भी व्यक्ति पर कोई शक या साजिश की आशंका जाहिर नहीं की है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों के हवाले कर दिया, जिसके बाद दोपहर बाद हरदासपुरा स्थित कब्रिस्तान में मृतक को सुपुर्दे-खाक किया गया। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि की है।