शिमला के रामपुर में दर्दनाक हादसा, HRTC बस दुर्घटनाग्रस्त परिचालक समेत दो की मौत, 20 यात्री घायल

शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रामपुर से खोलीघाट जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस (नंबर HP-06A-6454) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय बस में कुल 22 यात्री सवार थे। हादसे में बस के परिचालक सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई

Jul 15, 2026 - 22:42
Jul 15, 2026 - 22:44
 0  27
शिमला के रामपुर में दर्दनाक हादसा, HRTC बस दुर्घटनाग्रस्त परिचालक समेत दो की मौत, 20 यात्री घायल
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला  15-07-2026

शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रामपुर से खोलीघाट जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस (नंबर HP-06A-6454) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय बस में कुल 22 यात्री सवार थे। हादसे में बस के परिचालक सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई , जबकि 20 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची तथा घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की सहायता से महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, रामपुर पहुंचाया गया। 
 
 
 
 
कई घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की भी सूचना है। जानकारी के अनुसार बस में लगभग 22 यात्री सवार थे। हादसे में बस के परिचालक जय प्रकाश नेगी, निवासी गांव घड़ोली, डाकघर खुनी, तहसील ननखड़ी तथा 72 वर्षीय डाकू राम पुत्र कालूराम, निवासी गांव शाहदू, तहसील ननखड़ी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। 
 
 
 
 
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा राहत नियमों के तहत स्थानीय मृतक  के परिजनों को -20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि तत्काल जारी कर दी गई है। अन्य मृतक की रिपोर्ट आने के तुरंत बाद फौरी राहत जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में घायल सभी यात्रियों को उपचार के लिए महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी (रामपुर) लाया जा रहा है। 
 
 
 
 
जहां चिकित्सकों की टीम द्वारा उनका प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उपायुक्त ने बताया कि प्रशासन की टीम घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। वहीं, एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी अस्पताल में मौजूद रहकर उपचार एवं राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं, ताकि घायलों को समय पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके। जिला प्रशासन ने कहा है कि दुर्घटना से  प्रभावित परिवारों और घायलों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।


What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow