हिमाचल में सरकारी अधिकारी बेलगाम, साफ दिख रहा कांग्रेस सरकार का संरक्षण : डॉ  भारद्वाज

भाजपा उपाध्यक्ष एवं सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की विवादित सोशल मीडिया पोस्ट और उससे उपजे पूरे घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में आज सरकारी अधिकारी और सत्ता से जुड़े लोग पूरी तरह बेलगाम हो चुके

Jan 13, 2026 - 17:06
 0  13
हिमाचल में सरकारी अधिकारी बेलगाम, साफ दिख रहा कांग्रेस सरकार का संरक्षण : डॉ  भारद्वाज
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media

विवादित बयान प्रदेश की एकता और प्रशासनिक मर्यादा पर हमला, मुख्यमंत्री मौन क्यों?

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला    13-01-2026

भाजपा उपाध्यक्ष एवं सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की विवादित सोशल मीडिया पोस्ट और उससे उपजे पूरे घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में आज सरकारी अधिकारी और सत्ता से जुड़े लोग पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं। यह स्थिति सीधे तौर पर कांग्रेस सरकार के संरक्षण और ढीले प्रशासनिक नियंत्रण को उजागर करती है।

डॉ. भारद्वाज ने कहा कि जिस प्रकार से प्रदेश के बाहर से आए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को लेकर सार्वजनिक मंच और सोशल मीडिया पर टिप्पणियां की गई हैं, वह न केवल संवैधानिक मर्यादाओं के विरुद्ध हैं, बल्कि प्रदेश की सामाजिक, प्रशासनिक और सांस्कृतिक एकता को भी नुकसान पहुंचाने वाली हैं। हिमाचल प्रदेश देवभूमि है, जहां देश के हर हिस्से से आए अधिकारियों और कर्मचारियों ने समर्पण भाव से सेवा दी है। इस तरह के बयान प्रदेश की सौहार्दपूर्ण परंपरा और छवि को ठेस पहुंचाते हैं।

उन्होंने कहा कि आज स्थिति यह है कि मंत्री और अधिकारी खुलेआम गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री और कांग्रेस सरकार की ओर से न तो कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया आ रही है और न ही कोई सख्त कार्रवाई देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री की यह चुप्पी गंभीर सवाल खड़े करती है। यह या तो इन बयानों की मौन स्वीकृति है या फिर यह दर्शाता है कि सरकार का प्रशासन पर कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं रह गया है—दोनों ही परिस्थितियां हिमाचल के लिए बेहद चिंताजनक हैं।

भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी संविधान और सेवा नियमों के दायरे में रहकर निष्पक्ष रूप से कार्य करें, यही लोकतंत्र की मूल भावना है। राजनीतिक संरक्षण के भरोसे मर्यादाहीन बयानबाजी करना न केवल अनुशासनहीनता है, बल्कि इससे जनविश्वास भी कमजोर होता है। यदि समय रहते इस प्रवृत्ति पर रोक नहीं लगाई गई, तो इसका सीधा नुकसान प्रदेश के हितों और प्रशासनिक व्यवस्था को होगा।

डॉ. राजीव भारद्वाज ने मांग की कि मुख्यमंत्री इस पूरे मामले पर तुरंत स्पष्ट और सार्वजनिक रुख अपनाएं, विवादित बयानों पर जवाबदेही तय करें और यह सुनिश्चित करें कि हिमाचल प्रदेश में प्रशासनिक गरिमा, अनुशासन और आपसी सौहार्द से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा प्रदेश की गरिमा और प्रदेशवासियों के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर किसी भी प्रकार की राजनीति बर्दाश्त नहीं करेगी और ऐसे मामलों में लगातार आवाज उठाती रहेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow