कोलर के समीप युवती का अधजला शव बरामद, नहीं हुई शिनाख्त, मौके पर पहुंची पुलिस
सिरमौर जिले के धौलाकुआं और कोलर क्षेत्र के बीच स्थित 'करौंदे वाली घाटी' में युवती की अधजली लाश मिलने से हड़कंप मच गया। इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में दहशत फ़ैल गयी।
नाहन 13 मई, 2026 :
सिरमौर जिले के धौलाकुआं और कोलर क्षेत्र के बीच स्थित 'करौंदे वाली घाटी' में युवती की अधजली लाश मिलने से हड़कंप मच गया। इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में दहशत फ़ैल गयी।
जानकारी के अनुसार, करौंदे वाली घाटी के सूनसान इलाके में स्थानीय लोगों ने एक अधजला शव देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही माजरा पुलिस की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी. शव काफी हद तक जल चुका है, जिससे मृतका की शिनाख्त करना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी पांवटा साहिब मानवेन्द्र ठाकुर भी मौके पर पहुंच गए है। एसीपी योगेश रोल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से इस घटना की जांच कर रही है। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों (FSL) को तैनात किया गया है और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं और जल्द ही इस गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा।
वहीँ पुलिस आसपास के थानों और पड़ोसी राज्यों से लापता युवतियों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर अपनी जांच तेज कर दी है और स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि उन्होंने इस क्षेत्र में किसी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति को देखा हो, तो तुरंत जानकारी साझा करें।
What's Your Reaction?


