कालाअम्ब में घर में आग लगाने के आरोप में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस थाना काला आम्ब के अंतर्गत एक मकान में आग लगने के मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यंगवार्ता न्यूज काला आम्ब, 23 जून, 2026 :
पुलिस थाना काला आम्ब के अंतर्गत एक मकान में आग लगने के मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रणवीर सिंह पुत्र राजा राम निवासी गांव भूड्डियो, डाकघर त्रिलोकपुर, तहसील नाहन, जिला सिरमौर ने बताया कि उसका छोटा भाई जसवीर लंबे समय से मानसिक बीमारी से ग्रस्त है और गांव में अलग मकान में रहता है। शिकायतकर्ता के अनुसार जसवीर की पत्नी और बच्चे कई वर्ष पहले उसे छोड़कर जा चुके हैं, जिससे उसकी मानसिक स्थिति और अधिक प्रभावित हुई है।
शिकायत के मुताबिक घटना की रात करीब 12:30 बजे परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने जसवीर के मकान की ऊपरी मंजिल से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं। इसके बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग पर काबू पाया और बड़ी क्षति होने से बचा लिया।
आग बुझने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई। फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति सीढ़ियों के रास्ते मकान में प्रवेश करता दिखाई दिया। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने कमरे में रखे बिस्तर और कपड़ों में आग लगाई तथा मौके से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना काला आम्ब में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगामी जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?




