खेलों से बच्चों में विकसित होते हैं कई गुण : कुलदीप सिंह पठानिया
तीन दिवसीय 27वीं राज्य स्तरीय बहुतकनीकी एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता वीरवार को यहां राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय बड़ू में संपन्न हो गई
कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष ने किया बहुतकनीकी एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का समापन
यंगवार्ता न्यूज़ - हमीरपुर 09-04-2026
तीन दिवसीय 27वीं राज्य स्तरीय बहुतकनीकी एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता वीरवार को यहां राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय बड़ू में संपन्न हो गई। प्रतियोगता के समापन समारोह में राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विजेताओं को पुरस्कृत किया।
आयोजन समिति और सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियां शिक्षा का महत्वपूर्ण अंग होती हैं, क्योंकि, इनके माध्यम से बच्चों में कई ऐसे गुण विकसित होते हैं जोकि उन्हें जीवन की हर चुनौती से निपटने में मददगार साबित होते हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन से प्रतिभागियों के बीच काफी आदान-प्रदान भी होता है और वे एक-दूसरे काफी सीखते हैं।
इससे पहले, मेजबान कालेज के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, टीम प्रभारियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। जबकि, प्रतिभागियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
समारोह में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमन भारती, पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता, विभिन्न बहुतकनीकी महाविद्यालयों के टीम प्रभारी और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बहुतकनीकी महाविद्यालय अंबोटा के रोहित कुमार को बेस्ट एथलीट घोषित किया गया। जबकि, लड़कियों में कंडाघाट की कृतिका बेस्ट एथलीट बनीं।
लड़कों की एथलेटिक्स ट्रॉफी अंबोटा और लड़कियों की एथलेटिक्स ट्रॉफी कंडाघाट ने जीती। 100 मीटर दौड़ में बहुतकनीकी महाविद्यालय प्रगतिनगर के निखिल ने स्वर्ण पदक जीता। पांवटा साहिब के नितिन पुंडीर ने रजत और प्रगतिनगर के पार्थ ने कांस्य पदक जीता। लड़कियों के वर्ग में उदयपुर की पलक पहले, आंचल दूसरे और कंडाघाट की कृतिका तीसरे स्थान पर रही।
400 मीटर दौड़ में कंडाघाट की तनवी प्रथम, कृतिका द्वितीय और कांगड़ा की आकृति तृतीय रही। लड़कों में अंबोटा के रोहित पहले, उदयपुर के गौरव दूसरे और हमीरपुर के योगेश तीसरे स्थान पर रहे। जेवलियन थ्रो में चंबा के अनमोल, पांवटा साहिब के ज्योति प्रकाश और कुल्लू के गौरव पहले तीन स्थानों पर रहे। हाई जंप में बिलासपुर के ऋषभ प्रथम, सुंदरनगर के सूफियान द्वितीय, रोहड़ू के पार्थ तृतीय रहे।
डिस्कस थ्रो में प्रगतिनगर के सृजन प्रथम, सुंदरनगर के सतवीर द्वितीय और अनमोल तृतीय रहे। लड़कियों में कंडाघाट की कृतिका प्रथम, सुंदरनगर की टीनू द्वितीय, कांगड़ा की दीक्षा तृतीय रही। 200 मीटर दौड़ में सुंदरनगर के मोहित पहले, जंडौर के आर्यन दूसरे, सुंदरनगर के निशांत तीसरे, लड़कियों में कंडाघाट की तनवी पहले, आंचल दूसरे, कांगड़ा की आकृति तीसरे, 5000 मीटर दौड़ में तलवाड़ के आयुष प्रथम, चंबा के अमनदीप द्वितीय, जंडौर के सर्वेश तृतीय रहे।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता की ओवरऑल ट्रॉफी मेजबान बहुतकनीकी महाविद्यालय हमीरपुर ने जीती। पहाड़ी एकल गायन में हमीरपुर प्रथम, कंडाघाट द्वितीय, बनीखेत तृतीय रहा। लोकनृत्य में भी हमीरपुर ने पहला, कुल्लू और प्रगतिनगर ने संयुक्त रूप से दूसरा तथा कंडाघाट ने तीसरा स्थान हासिल किया।
What's Your Reaction?




