आखिर क्या है सूटकेस का राज, अपने ही नेता के आरोपों का जवाब दें मुख्यमंत्री: जयराम ठाकुर
दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान में शामिल होने धर्मशाला पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुक्खू सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि जीवन भर भगवान श्रीराम का विरोध करने वाली अब राजनीति के लिए जगह-जगह राम मंदिर जा रही है। हिमाचल के मुख्यमंत्री सनातन और हिंदुत्व विरोधी बयान देते हुए गौरवान्वित महसूस करते हैं।
जयराम ठाकुर ने बिलासपुर में एक युवक को दिनदहाड़े कुल्हाड़ी से काटने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता नहीं है और उसी का परिणाम प्रदेश में आए दिन दिनदहाड़े लोगों को मार डालने, काट डालने की घटनाओं के रूप में सामने आ रहा है। सुक्खू सरकार में प्रदेश में अपराध की जो-जो घटनाएं सामने आई हैं, उसके बारे में सोचना भी मुश्किल लगता है। कहीं किसी को दिनदहाड़े गोली मार दी जाती है तो किसी को दराट और कुल्हाड़ी से काट दिया जाता है। सरकार अपराधियों पर नकेल कसने की बजाय सरकार की नाकामियों को उजागर करने वाली मीडिया पर नकेल कस रही है। सरकार के मनमाफिक न दिखने वाले अखबारों और सोशल मीडिया पेज के खिलाफ जमकर कार्रवाई की जा रही है। कानून-व्यवस्था का जिम्मा संभालने वाली पुलिस अपराधियों के बजाय विपक्ष के नेताओं पर ध्यान दे रही है। और सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने की मॉनिटरिंग करने की बजाय दिल्ली पहुंचाने के लिए सूटकेस इकट्ठा करने में व्यस्त है। सरकार जनता का हित और जनसुविधाओं का ध्यान रखने की बजाय माफिया और भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रही है।
वैचारिक रूप से सशक्त कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत धर्मशाला के डाढ़ चामुंडा में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। अपने प्रवास की शुरुआत उन्होंने चामुण्डा माता मंदिर में पूजा अर्चना के साथ की तत्पश्चात धर्मशाला नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर उप महापौर पार्षद तथा पंचायत समिति के अध्यक्ष उपाध्यक्ष सहित पंचायत समिति के सदस्यों से भेंट कर सभी को नव दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, संगठन की कार्यपद्धति, राष्ट्र प्रथम की भावना तथा जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समर्पित, प्रशिक्षित और वैचारिक रूप से सशक्त कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं तथा यही शक्ति विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
What's Your Reaction?


