निगम के बेड़े में शामिल होंगी 350 नई डीजल बसें, अंतिम चरण में पहुंची मिनी-मिडी और इन बसों की खरीद प्रक्रिया
हिमाचल पथ परिवहन निगम के यात्रियों को जल्द ही पुरानी और खस्ताहाल बसों की परेशानी से राहत मिलेगी। निगम के बेड़े में 350 नई डीजल बसें शामिल की जाएंगी। बसों की खरीद प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है और दोनों श्रेणियों की बसों के लिए निविदाएं जमा करवाने की अंतिम तिथि चार दिसंबर निर्धारित की गई है। निगम प्रबंधन 100 मिनी-मिडी और 250 साधारण डीजल बसों की खरीद कर रहा है।
शिमला 26 - 11 - 2026 :
हिमाचल पथ परिवहन निगम के यात्रियों को जल्द ही पुरानी और खस्ताहाल बसों की परेशानी से राहत मिलेगी। निगम के बेड़े में 350 नई डीजल बसें शामिल की जाएंगी। बसों की खरीद प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है और दोनों श्रेणियों की बसों के लिए निविदाएं जमा करवाने की अंतिम तिथि चार दिसंबर निर्धारित की गई है। निगम प्रबंधन 100 मिनी-मिडी और 250 साधारण डीजल बसों की खरीद कर रहा है। इन बसों पर करीब 115 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। मिनी-मिडी बसों की खरीद पर लगभग 20 करोड़ रुपए और साधारण बसों पर करीब 95 करोड़ रुपए खर्च होंगे। सरकार की ओर से दोनों श्रेणियों की बसों के लिए वित्तीय सहायता और ऋण को मंजूरी दी गई है। प्रस्तावित मिनी-मिडी बसों के संचालन में एक नई व्यवस्था भी लागू होगी। 14 सीटर इन बसों में परिचालक की तैनाती नहीं होगी। चालक ही यात्रियों को टिकट जारी करेगा।
37 से 47 सीटर 250 बसें जल्द
निगम 250 साधारण डीजल बसें भी खरीदेगा। इनकी खरीद पर करीब 95 करोड़ रुपए खर्च होंगे और इसके लिए राज्य सरकार ने 95 करोड़ रुपए के ऋण को मंजूरी दी है। इन बसों की सीट क्षमता पर अभी अंतिम निर्णय होना बाकी है। निगम 37 सीटर या 47 सीटर बसें खरीदेगा, इस पर अंतिम मुहर लगनी है। सीट क्षमता तय होने के बाद निविदा प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
ग्रामीण सडक़ों पर नई गाडिय़ां बनेंगी लोगों का सहारा
एचआरटीसी 100 मिनी-मिडी डीजल बसें खरीदेगा। इन बसों की क्षमता 14 यात्रियों की प्रस्तावित है। कम यात्री संख्या वाले ग्रामीण और संकरे मार्गों पर इन बसों का संचालन उपयोगी साबित हो सकता है। ऐसे मार्गों पर बड़ी बसों का संचालन कई बार यात्रियों की संख्या और सडक़ की स्थिति के लिहाज से मुश्किल होता है। मिनी-मिडी बसों के आने से छोटे गांवों और संपर्क मार्गों पर परिवहन सुविधा मजबूत करने में मदद मिलेगी। इन बसों की खरीद के लिए राज्य सरकार ने एसएएससीआई योजना के तहत दस करोड़ रुपए जारी किए हैं, जबकि दस करोड़ रुपए के ऋण को भी मंजूरी दी गई है।
What's Your Reaction?


