यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 27-02-2026
प्रदेश सरकार की शिक्षा विरोधी नीतियों के खिलाफ सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में आज छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने जिला उपायुक्त कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। मीडिया से बात करते हुए एबीवीपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मनीष बिरसांटा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लगातार प्रदेश सरकार द्वारा छात्र विरोधी निर्णय लिए जा रहे है जो न्याय संगत नहीं है।
उन्होंने कहा की सरकार द्वारा लगातार शिक्षण संस्थानों को लगातार बंद किया जा रहा है जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार एक के बाद एक शिक्षण संस्थान बंद करने जा रही है जिसमें सिरमौर जिला का रोनहाट कॉलेज की शामिल है। एबीवीपी का यह भी कहना है कि प्रदेश सरकार द्वारा लगातार प्रदेश विश्वविद्यालय का दायरा घटाने की कोशिश की जा रही है साथ ही यहां परीक्षाओं के मूल्यांकन में भी खामियां देखने को मिल रही है जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि एबीवीपी द्वारा हिमाचल प्रदेश में छात्र संघ चुनाव को बहाल करने की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों से जुड़ी मांगों पर सरकार ने गौर नहीं किया तो आने वाले समय में बड़े विरोध का सामना सरकार को करना पड़ेगा। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार पर युवाओं के साथ वायदा खिलाफी का भी आरोप लगाया और कहा कि जो वायदे चुनावी समय में प्रदेश के युवाओं से सरकार ने किए थे वह पूरे नहीं हो पाए।