करोड़ों के विकास कार्यों के होर्डिंग लगाकर अब कुसुम्पटी विस की जनता नहीं होगी गुमराह - प्रेम ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह द्वारा कुसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को दर्शाने वाले होर्डिंग लगाए जाने पर भाजपा ने सवाल खड़े किए हैं। हिमाचल प्रदेश भाजपा के कार्यालय सचिव प्रेम ठाकुर ने शनिवार को जारी बयान में आरोप लगाया है कि सरकारी धन का दुरुपयोग कर पूरे निर्वाचन क्षेत्र में बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं और इनके माध्यम से विकास के आंकड़ों का प्रचार कर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रेम ठाकुर के अनुसार, होर्डिंग में सड़क निर्माण के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत 213.91 करोड़ रुपये खर्च दर्शाए गए हैं। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायतों में विभिन्न विकासात्मक कार्यों के लिए 33 करोड़ रुपये, पंचायत घरों एवं सामुदायिक भवनों के लिए 16.18 करोड़ रुपये तथा विद्यालयों और महाविद्यालयों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के लिए 5.73 करोड़ रुपये का उल्लेख किया गया है। जबकि कसुंपटी विस की सड़कों की हालत बहुत खराब है ।
प्रेम ठाकुर ने मंत्री से पूछा है कि मुख्यमंत्री द्वारा दो वर्ष पूर्व कोटी प्रवास के दौरान की गई घोषणाएं आज तक पूरी क्यों नहीं हुई है । उन्होंने कहा कि उस दौरान कोटी डिग्री कॉलेज में बीएड की कक्षाएं आरंभ करने, अस्पताल में दस बिस्तरों की व्यवस्था करने, पुलिस चौकी खोलने तथा शिमला-कुफरी-पीरन के लिए दिन में बस सेवा आरंभ करने के अतिरिक्त 108 राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवा प्रदान करने की घोषणाएं की गई थी लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बावजूद पूरी नहीं हो पाई हैं।
भाजपा कार्यालय सचिव ने कहा कि होर्डिंगज में यह भी स्पष्ट नहीं है कि इन योजनाओं में केंद्र सरकार और हिमाचल प्रदेश सरकार का अलग-अलग कितना वित्तीय योगदान है। उनका आरोप है कि केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश को विभिन्न विकास योजनाओं के लिए उपलब्ध करवाई गई धनराशि को भी प्रदेश सरकार अपनी उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत कर रही है।
प्रेम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और जितने मर्जी होर्डिंगज लगा दें अब कुंछ होने वाला नहीं है औेर अब प्रदेश में अगली सरकार भाजपा की बनेगी । उन्होने बताया कि कसुपंटी विस की जनता कांग्रेस सरकार की कथनी और करनी को समझ चुकी है तथा आगामी विधानसभा चुनाव में इस बार कमल खिलेगा ।
What's Your Reaction?


