सिरमौर पुलिस ने सुलझाई ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी, शिलाई गोलीकांड का आरोपी गिरफ्तार
सिरमौर पुलिस ने शिलाई क्षेत्र में गोली मारकर हत्या के मामले को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर की गहन जांच के बाद आरोपी को 18 नवंबर को गिरफ्तार किया है।
यंगवार्ता न्यूज - नाहन 18 नवंबर :
सिरमौर पुलिस ने शिलाई क्षेत्र में गोली मारकर हत्या के मामले को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर की गहन जांच के बाद आरोपी को 18 नवंबर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को रविन्द्र सिंह निवासी क्यारटा पिपलटी अपने भाई खजान सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर चांदपुर धार से घर लौट रहे थे। सुबह करीब 7:20 बजे कोटी उतरोऊ मोड़ के पास अचानक धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद खजान सिंह मोटरसाइकिल से नीचे गिर गए। बाद में हेलमेट के पिछले हिस्से में छेद मिला तथा अंदर से चांदी रंग की धातु की गोली बरामद हुई। खजान सिंह के सिर और पीठ पर चोटें भी पाई गईं। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई, जबकि रविन्द्र सिंह ने भी गोली लगने से घायल होने की आशंका जताई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना शिलाई में हत्या, हत्या के प्रयास व अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण SFSL जुन्गा की टीम द्वारा किया गया। पुलिस अधीक्षक सिरमौर एवं SDPO पांवटा साहिब ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मामले की गहन जांच के लिए DySP मान्वेद्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में SIT गठित की गई, जिसने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विनोद पुत्र ग्यार सिंह, निवासी कथयाड, डाकघर टिम्बी, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर ने प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा किया कि मृतक के बेटे रोहित द्वारा उसकी बहन सुमन को घर से भगाकर ले जाने के कारण उसने रंजिश पाल रखी थी। इसी रंजिश के चलते उसने कथित तौर पर सोची-समझी साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी को आज माननीय अदालत शिलाई में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। मामले में आगामी जांच जारी है।
ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने में सिरमौर पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
