यंगवार्ता न्यूज - पांवटा साहिब 23 अगस्त :
पुलिस थाना माजरा में आईआईएम सिरमौर से जुड़े छात्र प्रारब्ध शुक्ला की संदिग्ध मृत्यु के मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग दर्ज किया है। मृतक के परिजन ने संस्थान के अधिकारियों एवं प्रशासन पर लापरवाही, घटना की जानकारी छिपाने, पर्याप्त निगरानी नहीं रखने तथा कथित बुलिंग और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को अनुपम शुक्ला पुत्र स्वर्गीय शशि भूषण शुक्ला, निवासी 206 NR2, IIIT कैंपस, जबलपुर (मध्य प्रदेश) की शिकायत पर पुलिस थाना माजरा में मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने अपने शिकायतपत्र में प्रारब्ध शुक्ला की संदिग्ध मृत्यु को लेकर आईआईएम सिरमौर के अधिकारियों एवं प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संस्थान स्तर पर छात्र की पर्याप्त निगरानी नहीं की गई तथा घटना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी कथित तौर पर छिपाई गई। इसके अलावा छात्र के साथ बुलिंग अथवा मानसिक उत्पीड़न किए जाने की आशंका भी व्यक्त की गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और मामले की आगामी जांच जारी है। पुलिस जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।