महिलाओं को HRTC में मिलेगी मुफ्त यात्रा की सुविधा, भैया दूज पर महिलाओं को सूर्योदय से सूर्यास्त तक मिलेगी ये सुविधा
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कल भैया दूज के अवसर पर HRTC महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सौगात देने जा रहा है। महिलाएं सूर्योदय से सूर्यास्त तक HRTC की बसों में निशुल्क सफर का लाभ उठा सकेंगी। हालांकि, यह सुविधा केवल हिमाचल प्रदेश की सीमा के भीतर ही मान्य होगी। जिला सिरमौर में HRTC ने इस सुविधा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मीडिया से बात करते हुए HRTC नाहन के अड्डा इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि भैया दूज के पावन अवसर पर हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस दिन महिलाएं सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक HRTC की बसों में बिना किराया दिए सफर कर सकेंगी।
वहीं, यह सुविधा केवल हिमाचल प्रदेश की सीमा के भीतर ही मान्य रहेगी। यानी दूसरे राज्यों में जाने वाली HRTC बसों में प्रदेश से बाहर के सफर के लिए महिलाओं को निर्धारित किराया देना होगा। उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर में HRTC के करीब 180 रूट संचालित होते हैं। ऐसे में भैया दूज के दिन बड़ी संख्या में महिलाओं को इस सुविधा का लाभ मिलने की उम्मीद है।
HRTC प्रबंधन ने महिलाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ही मुफ्त यात्रा की सुविधा का लाभ उठाएं और यात्रा के दौरान निगम कर्मचारियों को सहयोग करें।
What's Your Reaction?
