शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर लेक्चरर एसोसिएशन जिला सोलन की बैठक, सरकार से शीघ्र समाधान की मांग
हिमाचल प्रदेश स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन, जिला सोलन की एक महत्वपूर्ण बैठक आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल), कुनिहार में जिला अध्यक्ष जय लाल जलपाईक की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में अर्की जोन के अंतर्गत आने वाले कुनिहार, अर्की, धुंधन एवं कुठाड़ शिक्षा खंडों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया।
यंगवार्ता न्यूज - कुनिहार, 27 सितंबर :
हिमाचल प्रदेश स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन, जिला सोलन की एक महत्वपूर्ण बैठक आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल), कुनिहार में जिला अध्यक्ष जय लाल जलपाईक की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में अर्की जोन के अंतर्गत आने वाले कुनिहार, अर्की, धुंधन एवं कुठाड़ शिक्षा खंडों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में शिक्षकों से जुड़े विभिन्न लंबित एवं महत्वपूर्ण सेवा संबंधी मुद्दों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। संगठन ने सरकार से डीए एरियर एवं वेतन एरियर का शीघ्र भुगतान करने की मांग उठाई। इसके साथ ही प्रधानाचार्य पदोन्नति कोटा 95:5 के अनुपात से संबंधित विषय पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में CBSE से जुड़े मुद्दों, वर्ष 2003 में नियुक्त लेक्चररों की सेवा को पेंशन लाभ के लिए गिने जाने, तथा लेक्चररों से संबंधित सर्वोच्च न्यायालय के निर्णयों को लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके अतिरिक्त कॉम्प्लेक्स सिस्टम से संबंधित निर्णयों एवं उनके क्रियान्वयन के शिक्षकों पर पड़ने वाले प्रभावों पर भी सदस्यों ने अपने विचार रखे।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि शिक्षकों से संबंधित महत्वपूर्ण नीतिगत एवं सेवा मामलों में संगठन के प्रतिनिधियों के साथ सार्थक संवाद आवश्यक है। सभी सदस्यों ने एकमत होकर निर्णय लिया कि इन सभी मुद्दों को हिमाचल प्रदेश स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन की राज्य कार्यकारिणी के समक्ष रखा जाएगा तथा सरकार के साथ प्रभावी संवाद के माध्यम से इनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष जय लाल जलपाईक ने कहा कि संगठन शिक्षकों के हितों से जुड़े मामलों को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संगठन की प्राथमिकता संवाद, लोकतांत्रिक प्रक्रिया और संवैधानिक तरीके से समस्याओं का समाधान करवाना है। यदि सरकार के स्तर पर अपेक्षित समाधान नहीं होता है, तो संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आगे की रणनीति तय करेगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिला सोलन को तीन जोन में विभाजित कर संगठनात्मक बैठकों का क्रम आगे जारी रखा जाएगा, ताकि जिले के सभी शिक्षा खंडों के शिक्षकों की समस्याओं को एकत्रित कर प्रभावी रूप से उचित मंच पर उठाया जा सके।
What's Your Reaction?
