सार्वजनिक वितरण प्रणाली पर अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम आयोजित
माई भारत चंबा द्वारा जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति कार्यालय चंबा के सहयोग से सार्वजनिक वितरण प्रणाली विषय पर 5 दिवसीय अनुभावात्मक शिक्षण कार्यक्रम (एक्सपीरियंशियल लर्निंग प्रोग्राम) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 18 से 23 जुलाई 2026 तक आयोजित किया गया
यंगवार्ता न्यूज चम्बा 23 जुलाई, 2026 :
माई भारत चंबा द्वारा जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति कार्यालय चंबा के सहयोग से सार्वजनिक वितरण प्रणाली विषय पर 5 दिवसीय अनुभावात्मक शिक्षण कार्यक्रम (एक्सपीरियंशियल लर्निंग प्रोग्राम) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 18 से 23 जुलाई 2026 तक आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली की कार्यप्रणाली एवं शासकीय कार्यालयों के कार्यों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था। यह जानकारी नेहरू युवा केंद्र चंबा के जिला युवा अधिकारी राहुल गर्ग ने दी।
इस कार्यक्रम में जिला चंबा के पांच प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति कार्यालय के विभिन्न अनुभागों में कार्यालयीन कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण, जनसंपर्क एवं विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों ने खाद्यान्न भंडारण गोदामों (गोडाउन) का भ्रमण कर खाद्यान्न के भंडारण एवं वितरण की प्रक्रिया को निकट से समझा। इसके अतिरिक्त उन्होंने उचित मूल्य की दुकानों (राशन डिपो) का भी दौरा किया, जहां लाभार्थियों को आवश्यक खाद्य सामग्री के वितरण की प्रक्रिया का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली की पारदर्शिता, आपूर्ति श्रृंखला तथा खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने अपने अनुभव सांझा करते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण से उन्हें सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सार्वजनिक सेवा वितरण व्यवस्था को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर प्राप्त हुआ।
माई भारत चंबा ने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति कार्यालय, चंबा तथा विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। जिला युवा अधिकारी राहुल गर्ग ने बताया कि माई भारत का उद्देश्य ऐसे अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं में प्रशासनिक समझ, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनसेवा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है।
What's Your Reaction?



