हाटी समुदाय के 59 साल के संघर्ष को मिली बड़ी जीत, हाई कोर्ट ने ST दर्जे के खिलाफ याचिका की खारिज : सुरेंद्र हिंदुस्तानी
सिरमौर जिला के गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और खुशियों से भरा रहा। हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (ST) का दर्जा देने के केंद्र सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका को उच्च न्यायालय द्वारा खारिज किए जाने के बाद पूरे सिरमौर जिला में जश्न का माहौल देखने को मिला। अदालत के इस फैसले को हाटी समुदाय की दशकों पुरानी लड़ाई में एक बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है।
यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 28 नवंबर :
सिरमौर जिला के गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और खुशियों से भरा रहा। हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (ST) का दर्जा देने के केंद्र सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका को उच्च न्यायालय द्वारा खारिज किए जाने के बाद पूरे सिरमौर जिला में जश्न का माहौल देखने को मिला। अदालत के इस फैसले को हाटी समुदाय की दशकों पुरानी लड़ाई में एक बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है। फैसले की खबर सामने आते ही गिरिपार क्षेत्र सहित जिला के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने आतिशबाजी कर और मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने के केंद्र सरकार के निर्णय को कुछ लोगों द्वारा उच्च न्यायालय में चुनौती दी गई थी। इस मामले में अदालत ने चुनौती देने वाली याचिका को खारिज करते हुए केंद्र सरकार के निर्णय को बरकरार रखा। इसके साथ ही हाटी समुदाय को ST दर्जा देने के फैसले को लेकर लंबे समय से चल रही कानूनी लड़ाई में समुदाय को बड़ी राहत मिली है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 4 अगस्त 2023 को हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने का निर्णय लिया था। इस निर्णय के बाद गिरिपार क्षेत्र के लोगों में नई उम्मीद जगी थी। हालांकि, केंद्र सरकार के इस फैसले को अदालत में चुनौती दिए जाने के कारण मामला कानूनी प्रक्रिया में चला गया था। अब उच्च न्यायालय द्वारा याचिका खारिज किए जाने के बाद हाटी समुदाय में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई है। मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय हाटी समिति के उपाध्यक्ष सुरेंद्र हिंदुस्तानी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए न्यायपालिका के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हाटी समुदाय पिछले 59 वर्षों से अपने संवैधानिक अधिकारों और पहचान के लिए संघर्ष कर रहा था। इस लंबे संघर्ष में अनेक लोगों और संगठनों ने अपनी भूमिका निभाई है। आज उच्च न्यायालय के फैसले ने समुदाय के संघर्ष को एक बड़ी मजबूती प्रदान की है। सुरेंद्र हिंदुस्तानी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 4 अगस्त 2023 को हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने का निर्णय लिया गया था , लेकिन इसे अदालत में चुनौती दिए जाने से समुदाय के लोगों के मन में कई तरह की आशंकाएं थीं। अब उच्च न्यायालय के फैसले से इन आशंकाओं पर विराम लगा है। उन्होंने कहा कि यह फैसला केवल एक कानूनी निर्णय नहीं, बल्कि दशकों से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हाटी समुदाय के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने केंद्रीय हाटी समिति की ओर से समूचे गिरिपार क्षेत्र और हाटी समुदाय के लोगों को इस ऐतिहासिक अवसर पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने इस संघर्ष में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। उच्च न्यायालय के फैसले के बाद सिरमौर जिला के गिरिपार क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर बधाई दी और आतिशबाजी कर खुशी मनाई। लंबे समय से चली आ रही मांग और संघर्ष के बाद आए इस फैसले को हाटी समुदाय अपनी सामाजिक पहचान और अधिकारों की लड़ाई में एक महत्वपूर्ण पड़ाव मान रहा है।
What's Your Reaction?


