बूढ़ी दिवाली से पहले हाटी क्षेत्र में मनेगी बड़ी दीपावली, ऐतिहासिक जीत पर समाजसेवी नाथू राम चौहान ने दी बधाई
हाटी क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक जीत पर खुशी जाहिर करते हुए समाजसेवी नाथू राम चौहान ने समस्त हाटी एवं गिरिपार क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को वर्षों के लंबे संघर्ष की जीत बताते हुए लोगों से आज अपने-अपने घरों में दीपक जलाकर दीपावली जैसा उत्सव मनाने की अपील की है।
यंगवार्ता न्यूज - शिलाई 28 नवंबर :
हाटी क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक जीत पर खुशी जाहिर करते हुए समाजसेवी नाथू राम चौहान ने समस्त हाटी एवं गिरिपार क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को वर्षों के लंबे संघर्ष की जीत बताते हुए लोगों से आज अपने-अपने घरों में दीपक जलाकर दीपावली जैसा उत्सव मनाने की अपील की है।
नाथू राम चौहान ने कहा कि जिस प्रकार भगवान श्रीराम जी के 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटने पर पूरे देश में दीप जलाकर खुशियां मनाई गई थीं, उसी उत्साह और उमंग के साथ आज हाटी क्षेत्र के प्रत्येक घर में दीपक जलाए जाने चाहिए। भगवान श्रीराम का वनवास 14 वर्षों का था, जबकि हाटी समुदाय की यह लड़ाई 60 वर्षों से भी अधिक समय तक चली है। यह संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए इतिहास में दर्ज रहेगा।
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई जीतने के बाद भी लगभग तीन वर्षों तक न्यायालय में लंबित रही। इस लंबे संघर्ष के दौरान 40 से 45 हजार ऐसे युवा भी रहे, जो इन वर्षों में उम्र की एक महत्वपूर्ण सीमा पार कर गए। उन्हें भी न्याय और इस ऐतिहासिक उपलब्धि का लाभ मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज शनिवार का दिन है और शनिदेव को न्याय का देवता माना जाता है। वहीं महासू महाराज भी न्याय के देवता हैं। शायद इसी उद्देश्य से उनका आगमन हमारे क्षेत्र में हुआ कि आम जनमानस को न्याय मिल सके। मां भंगायणी और मां रेणुका जी ने क्षेत्रवासियों को जो आशीर्वाद दिया था, आज वह फलीभूत होता दिखाई दे रहा है।
नाथू राम चौहान ने सभी क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि आज घरों में दीपक जलाएं, पारंपरिक हाटी व्यंजन बनाएं और परिवार एवं समाज के साथ मिलकर इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाएं। उन्होंने कहा कि जिन-जिन लोगों ने इस संघर्ष में अपने समय, संसाधन और सामर्थ्य का थोड़ा सा भी योगदान दिया है, भगवान उन्हें उसका फल दिन-दूना और रात चौगुना करके लौटाएं।
उन्होंने इस ऐतिहासिक अवसर पर संघर्ष से जुड़े सभी लोगों, युवाओं, बुजुर्गों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे हाटी समाज की सामूहिक जीत है।
नाथू राम चौहान ने कहा कि इस बार बूढ़ी दिवाली से पहले बड़ी दीपावली मनाई जाए। संभव है कि आने वाले समय में हाटी क्षेत्र में दो नहीं, बल्कि तीन दीपावलियां मनाई जाएं।
अंत में उन्होंने समस्त हाटी एवं गिरिपार क्षेत्रवासियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि की हार्दिक बधाई देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
What's Your Reaction?


