विनय कुमार ने रेणुका विधानसभा क्षेत्र में रेणुका बांध परियोजना की टेंडर प्रक्रिया शुरू होने पर क्षेत्रवासियों को दी बधाई
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने रेणुका विधानसभा क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित रेणुका बांध परियोजना की टेंडर प्रक्रिया शुरू होने पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी है। उन्होंने इसे क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम बताया
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 07-02-2026
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने रेणुका विधानसभा क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित रेणुका बांध परियोजना की टेंडर प्रक्रिया शुरू होने पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी है। उन्होंने इसे क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम बताया।
विनय कुमार ने कहा कि रेणुका बांध परियोजना से प्रभावित परिवारों की सूची में अब 150 लैंडलेस और आवासहीन परिवारों को भी शामिल किया गया है, जिससे वर्षों से उपेक्षित इन परिवारों को राहत और न्याय मिल सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल परियोजना निर्माण नहीं, बल्कि प्रभावितों के हितों की पूरी सुरक्षा करना है।
उन्होंने जानकारी दी कि रेणुका क्षेत्र को जोड़ने वाली गिरी नदी पर बने पुल को डबल लेन करने के लिए फॉरेस्ट क्लियरेंस मिल चुकी है, और आगामी एक महीने के भीतर नए पुल के निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी जाएगी। इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और कनेक्टिविटी और अधिक सुदृढ़ होगी।
इसके अलावा विनय कुमार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत सोलन–मिनस सड़क के चौड़ीकरण की भी सरकार से मांग रखी। उन्होंने कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
संगठनात्मक स्तर पर जानकारी देते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि 10 तारीख को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें सभी जिलाध्यक्ष भाग लेंगे। इस बैठक में ब्लॉक स्तर तक की कार्यकारिणी के गठन पर चर्चा होगी।
बैठक में मुख्यमंत्री, प्रदेशाध्यक्ष और पार्टी प्रभारी भी मौजूद रहेंगे। अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर पूछे गए सवाल पर विनय कुमार ने कहा कि डीसी मंडी के खिलाफ मंत्री द्वारा लाया गया विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव पूरी तरह उचित है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विधायक प्राथमिकता बैठक में विधायकों की नाराजगी को लेकर पार्टी ने अपना पक्ष मंच पर रखा है और सरकार से किसी प्रकार की कोई नाराजगी नहीं है।
What's Your Reaction?

