कांगड़ा के अंतर्गत शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क हादसे में दो लोगों की माैत जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के अंतर्गत शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार रात को सड़क हादसे में दो लोगों की माैत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल
यंगवार्ता न्यूज़ - कांगड़ा 28-03-2026
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के अंतर्गत शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार रात को सड़क हादसे में दो लोगों की माैत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार चडी-घेरा मार्ग पर हनुमान मंदिर के समीप एक कार अनियंत्रित होकर नीचे खड्ड के किनारे जा पहुंची।
हादसा इतना भयंकर था कि गाड़ी के सभी पार्ट अलग होकर बिखर गए। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग शुक्रवार रात को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में हनुमान मंदिर के पास चालक ने अचानक कार से नियंत्रण खो दिया। इससे कार सड़क से नीचे खड्ड में जा गिरी। हादसे में कार के दरवाजे, पहिए और इंजन तक अलग-अलग होकर बिखर गए।
मृतकों की पहचान करण बहादुर (40 वर्ष), पुत्र वीर बहादुर और करीना देवी (18 वर्ष) पुत्री सुरेश कुमार पंचायत भितलू (गांव कुट)के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल हुए तीन अन्य लोगों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। उन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू कर जोनल अस्पताल धर्मशाला भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
What's Your Reaction?




