कुल्लू में भाजपा संयुक्त मोर्चा सम्मेलन आयोजित : नेता प्रतिपक्ष जयराम ने कांग्रेस के 'भ्रम' को बेनकाब करने का दिया मंत्र
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष ने शुक्रवार को कुल्लू में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के संयुक्त मोर्चा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा, जहाँ पहुँचने पर स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य और जोरदार स्वागत किया
झूठी गारंटियों वाली सरकार में मची है बंदरबांट, विकास ठप और मंत्री आपस में भिड़े : जयराम ठाकुर
यंगवार्ता न्यूज़ - कुल्लू 16-01-2026
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष ने शुक्रवार को कुल्लू में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के संयुक्त मोर्चा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा, जहाँ पहुँचने पर स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य और जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक सुरेंद्र शौरी, प्रभारी बिहारी लाल शर्मा और जिलाध्यक्ष अमित सूद भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों का गुणगान करते हुए कहा कि आज केंद्र सरकार जन-हितैषी नीतियों के कारण ही तीसरी बार सत्ता में लौटकर जनता के दिलों पर राज कर रही है, जबकि इसके विपरीत हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने झूठी गारंटियों के सहारे सत्ता तो हथिया ली लेकिन आज वही जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनकी ऊर्जा और संगठनात्मक क्षमता से पार्टी और जनसेवा के कार्यों को नई गति मिलेगी। सम्मेलन का मुख्य केंद्र एसआईआर एवं विबी जी राम जी (विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन-ग्रामीण) रहा, जिस पर उन्होंने विस्तार से चर्चा करते हुए पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे कांग्रेस और उसके इंडी गठबंधन द्वारा इन जनहितकारी योजनाओं के खिलाफ फैलाए जा रहे भ्रम, झूठ और नकारात्मक एजेंडे को तथ्यात्मक रूप से जनता के सामने बेनकाब करें।
उन्होंने कड़े शब्दों में प्रदेश सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि हिमाचल में आज विकास पूरी तरह ठप है और मंत्री जनसेवा के बजाय केंद्र से मिलने वाली वित्तीय सहायता के बंटवारे को लेकर आपस में ही भिड़ रहे हैं, जो प्रदेश के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कल्चर केवल 'बंदरबांट' तक सीमित है जहाँ नेताओं को केवल अपने मित्रों के घर भरने की चिंता है, जबकि आम जनता मूलभूत सुविधाओं और विकास के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने स्पष्ट किया कि भाजपा का हर कार्यकर्ता अब घर-घर जाकर संगठन की एकजुटता और मजबूत कार्ययोजना के साथ जनता को केंद्र की जनकल्याणकारी नीतियों के वास्तविक लाभों से अवगत कराएगा ताकि कांग्रेस के दुष्प्रचार को जड़ से समाप्त कर जनता के विश्वास को और सुदृढ़ किया जा सके।
सम्मेलन के दौरान उन्होंने अनुशासन और संगठन की मर्यादा को बनाए रखने की बात दोहराते हुए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे आगामी समय में सरकार की विफलताओं को जन-जन तक ले जाने के लिए कमर कस लें क्योंकि वर्तमान सरकार ने तीन वर्ष केवल आपसी खींचतान और भड़ास निकालने में बर्बाद कर दिए हैं। संगठन की इसी एकजुटता और स्पष्ट दृष्टि के साथ हम जन-जन के द्वार तक पहुँचेंगे और बाईं ओर की निष्ठा के साथ चलते हुए जनता के सपनों को पुनः साकार करेंगे।
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कुल्लू में मीडिया कर्मियों से रूबरू होते हुए सुक्खू सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़े प्रहार किए। उन्होंने प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार का गठन जनता की समस्याओं को हल करने के लिए होता है, लेकिन यहाँ स्थिति बिल्कुल उलट है।
आज हिमाचल में मंत्री और नौकरशाह एक-दूसरे के आमने-सामने खड़े हैं। ठाकुर ने आरोप लगाया कि मंत्री काम करने के बजाय अधिकारियों को दोषी ठहरा रहे हैं, वहीं अधिकारी मंत्रियों की सुनने को तैयार नहीं हैं। यह खींचतान स्पष्ट दर्शाती है कि सरकार का इकबाल पूरी तरह खत्म हो चुका है और शासन में अराजकता का माहौल है।
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि कुछ प्रभावशाली अधिकारी घंटों मुख्यमंत्री के पास बैठे रहते हैं और अब वे ही पूरी सरकार को अपनी उंगलियों पर नचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल का नियंत्रण प्रशासन से हट चुका है, जिसके चलते जनहित के कार्य ठप पड़े हैं।
ठाकुर के अनुसार, सरकार के भीतर बढ़ते असंतोष का अंदाजा मंत्रियों के रोज आने वाले बयानों से लगाया जा सकता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो बातें हम पहले दिन से कह रहे थे, अब उनके अपने ही मंत्री सरेआम उन पर मुहर लगा रहे हैं। विरोधाभासी बयानों और प्रशासनिक विफलता के कारण वर्तमान सरकार प्रदेश में एक मजाक बनकर रह गई है, जिससे राज्य का विकास पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है।
इस अवसर पर उनके साथ कुल्लू विधानसभा से 2022 के प्रत्याशी नरोत्तम ठाकुर, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अखिलेश कपूर,पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष भीम सेन शर्मा, अरविन्द चंदेल,प्रदेश भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी दानवेंद्र सिंह, जिला कुल्लू सह प्रभारी प्रियन्ता शर्मा, भाजपा राष्ट्रीय अनुसूचित जाति मोर्चा के उपाध्यक्ष युवराज बौद्ध भी उपस्थित रहे।
कुल्लू: पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता जयराम ठाकुर ने कुल्लू दौरे के दौरान कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर पर तीखा जुबानी हमला बोला। गारंटियों के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए जयराम ने मजाकिया लहजे में कहा कि जनता अब हिसाब मांग रही है।
उन्होंने स्थानीय बोली का पुट देते हुए तंज कसा— "एक होली ता 1500, द्वि होली ता 3000, त्रै होली ता 4500 और अब चौथी होली तक 6000 रुपये हो गए हैं, सुंदर सिंह इसका हिसाब दें।"इसके साथ ही उन्होंने सुंदर सिंह ठाकुर की मंत्री बनने की इच्छा पर चुटकी लेते हुए कहा कि उनकी मंशा तो बड़ी है, लेकिन मौजूदा हालात देखकर नहीं लगता कि उनकी मंत्री बनने की मुराद पूरी हो पाएगी।
What's Your Reaction?

