यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 12-07-2026
भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आज सिरमौर भाजपा कार्यालय, नाहन में आयोजित हिमाचल प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान, मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी एवं संगठन के अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संगठन के विस्तार, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियान तथा विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, बेहतर समन्वय एवं सेवा भाव के साथ संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया गया। डॉ. राजीव बिंदल ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित, समाजसेवा और अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाकर ही पार्टी समाज के प्रत्येक वर्ग तक अपनी विचारधारा एवं जनसेवा के कार्यों को प्रभावी ढंग से पहुंचा सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे सेवा, समर्पण और संगठन के मूल मंत्र के साथ प्रत्येक बूथ पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए आमजन से निरंतर संवाद स्थापित करें तथा पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यों को घर-घर तक पहुंचाएं।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं निर्णयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। उपस्थित पदाधिकारियों ने इन निर्णयों के विरुद्ध व्यापक जन जागरण एवं जन आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने पर विचार-विमर्श किया। डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और जनता का विश्वास खो चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।