भूस्खलन के बीच NHAI बना देवदूत, ऑक्सीजन सपोर्ट पर 7 माह के शिशु की बचाई जान
भारी बारिश और लगातार हो रहे भूस्खलन के बीच चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल देखने को मिली। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की पेट्रोलिंग टीम ने अपनी जान जोखिम में डालकर ऑक्सीजन सपोर्ट पर चल रहे 7 माह के एक शिशु को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया और उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
यंगवार्ता न्यूज - चंबा 23 जुलाई, 2026 :
भारी बारिश और लगातार हो रहे भूस्खलन के बीच चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल देखने को मिली। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की पेट्रोलिंग टीम ने अपनी जान जोखिम में डालकर ऑक्सीजन सपोर्ट पर चल रहे 7 माह के एक शिशु को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया और उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह से पूरे चंबा जिले में लगातार बारिश हो रही थी, जिससे चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन की चपेट में आ गया। सड़क बंद होने के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। इस दौरान NHAI की टीम लगातार सड़क बहाली और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटी रही।
इसी बीच एक गंभीर स्थिति तब सामने आई, जब ऑक्सीजन सपोर्ट पर चल रहा 7 माह का एक शिशु अपने परिजनों के साथ भूस्खलन के कारण सड़क के दोनों ओर से बंद हिस्से के बीच फंस गया। समय पर चिकित्सा सहायता न मिलने से शिशु की जान पर खतरा मंडरा रहा था।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए NHAI की पेट्रोलिंग टीम ने तत्काल कार्रवाई की। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और लगातार भूस्खलन के खतरे के बावजूद टीम ने अपने पेट्रोलिंग वाहन से शिशु और उसके परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाला तथा अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे समय रहते उपचार मिल सका।
इस साहसिक और संवेदनशील कार्य के लिए स्थानीय लोगों ने NHAI की टीम की जमकर सराहना की। विपरीत परिस्थितियों में टीम द्वारा दिखाई गई तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता ने यह साबित कर दिया कि आपदा के समय त्वरित निर्णय और सेवा भावना कई अनमोल जिंदगियां बचा सकती है।
What's Your Reaction?