15 दिन में फाइनल होगी हिमाचल की नई औद्योगिक नीति, सरिया-एथेनॉल उद्योगों को बढ़ावा देने के पक्ष में नहीं सरकार
हिमाचल प्रदेश की नई औद्योगिक नीति अगले 15 दिनों से एक महीने के भीतर फाइनल हो सकती है। सरकार इस बार निवेश के बड़े आंकड़ों के बजाय रोजगार, राजस्व और संसाधनों की खपत को आधार बनाकर उद्योगों को बढ़ावा देगी। यही वजह है कि सरकार अधिक बिजली और पानी की खपत करने वाले सरिया और एथेनॉल उद्योगों को प्रोत्साहित करने के पक्ष में नहीं है। उधर, फैक्ट्रियों से निकलने वाले स्क्रैप के कारोबार को व्यवस्थित करने के लिए बनाई जा रही नीति आबकारी एवं कराधान विभाग की आपत्तियों के चलते अटक गई है।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि वर्ष 2019 की औद्योगिक नीति में आवश्यक बदलाव कर नई नीति तैयार की जा रही है। इसके लिए पर्यावरण, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और आबकारी एवं कराधान सहित विभिन्न विभागों से सुझाव मांगे गए हैं। मंत्री ने कहा कि एक छोटी सरिया इकाई भी 15 से 20 मेगावाट बिजली की खपत करती है। इतनी बिजली में कई छोटी औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो सकती हैं, जो अधिक रोजगार दे सकती हैं। वहीं, प्रदेश में पहले से दो एथेनॉल प्लांट हैं, जिनमें भूजल की भारी खपत होती है। नई नीति में कंपनियों के टर्नओवर, निवेश, रोजगार, राजस्व और टैक्स को पांच प्रमुख मानक बनाया जाएगा। मेडिकल डिवाइस पार्क सहित विभिन्न परियोजनाओं के जरिए 30 से 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाएं हैं।
उद्योग मंत्री ने स्क्रैप कारोबार को व्यवस्थित करने के लिए प्रस्तावित नीति पर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि फैक्ट्रियों से निकलने वाले लोहे, जस्ते और प्लास्टिक के स्क्रैप के उचित निपटान और बिक्री के लिए स्पष्ट व्यवस्था जरूरी है। उद्योग विभाग ने इस दिशा में नीति तैयार करने की कोशिश की थी, लेकिन स्क्रैप की बिक्री, दरें तय करने और कराधान का विषय आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है। संबंधित विभाग की आपत्तियों के बाद फिलहाल इस नीति को आगे बढ़ाने में दिक्कत आ रही है।
उद्योग मंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार की इन्वेस्टर मीट पर सवाल उठाते हुए कहा कि बड़े-बड़े सेमिनार और एमओयू साइन करने से वास्तविक निवेश नहीं आता। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने करीब 1.25 लाख करोड़ रुपये के एमओयू किए थे, लेकिन वास्तविक निवेश लगभग 27 हजार करोड़ रुपये ही आया। मंत्री के मुताबिक एमओयू केवल निवेश का शुरुआती आश्वासन होता है, बाध्यकारी समझौता नहीं। वर्तमान सरकार अब बड़े आयोजनों के बजाय कंपनियों के मालिकों से वन-टू-वन बातचीत कर निवेश लाने पर ध्यान दे रही है।
What's Your Reaction?


