द रोज़ ऑर्किड वर्ल्ड स्कूल में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन
द रोज़ ऑर्किड वर्ल्ड स्कूल में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष के उत्सव की थीम ‘नवरस’ रखी गई। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन भूषण कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। नर्सरी से कक्षा पाँचवीं तक के बच्चों ने थीम ‘नवरस’ के नौ रसों - श्रृंगार, हास्य, करुणा, रौद्र, वीर, भयानक, वीभत्स, अद्भुत और शांत को मंच पर जीवंत कर दिया।
बच्चों की प्रस्तुतियों में स्वागत नृत्य, ‘चंदा चमके’, ‘बम बोले’ और ‘बादल पे पाँव हैं’ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। हर प्रस्तुति पर दर्शकों ने खूब तालियाँ बजाईं और बच्चों का उत्साह बढ़ाया। शुरू से लेकर अंतिम प्रस्तुति तक बच्चों का आत्मविश्वास देखते ही बनता था। अभिभावक अपने बच्चों को मंच पर देखकर गदगद नजर आए।
इस अवसर पर प्रिंसिपल ममता सैनी ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बच्चों की शैक्षणिक व सह-शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुशासन और संस्कारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को केवल पढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें अच्छा इंसान बनाना है। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग की भी सराहना की।
डायरेक्टर ललित शर्मा ने अपने संबोधन में बच्चों और शिक्षकों की मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास और मंच पर प्रदर्शन की क्षमता को बढ़ाते हैं। डायरेक्टर एकेडमिक्स अंजू अरोड़ा जी ने कहा कि ‘नवरस’ थीम के माध्यम से बच्चों ने भावनाओं को समझना और व्यक्त करना सीखा है। उन्होंने शिक्षकों के धैर्य और समर्पण की भी प्रशंसा की।
अंत में वाइस प्रिंसिपल प्रिया सरीन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम ने सभी के चेहरों पर मुस्कान और यादगार पल छोड़ दिए।
What's Your Reaction?


