कांग्रेस भवन नाहन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को अर्पित की गई पुष्पांजलि, विधायक अजय सोलंकी विशेष तौर पर रहे मौजूद
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आज 157वीं जयंती मनाई जा रही है। देशभर के साथ जिला सिरमौर में भी अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। नाहन में प्रशासन की ओर से सफाई अभियान चलाया गया, वहीं कांग्रेस भवन में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने दोनों कार्यक्रमों में शिरकत की।
मीडिया से बात करते हुए स्थानीय विधायक का अजय सोलंकी ने कहा कि आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर जिला सिरमौर में अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नाहन के रानीताल में प्रशासन की ओर से सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों सहित स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया और स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। लोगों से अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।
वहीं कांग्रेस भवन नाहन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने लोगों से महात्मा गांधी के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके बताए सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
What's Your Reaction?
